करौली

सांड़ों के बेखौफ घूमने से शहर में बन रहा गंदगी का वातावरण, हरकत में आई नगरपरिषद बोली— यहां अब नहीं होगा उनका आवागमन

जानिए कैसे पत्रिका की मुहिम पर जागी नगरपरिषद, पहले ही दिन सब्जी मंडी क्षेत्र से क्यों पकड़े सांड..
2 min read
Jul 12, 2018
शहर में बेशुमार बढ़ते आवारा सांड लोगों के लिए मुसीबत बन गए
जिला कलक्टर मुक्तानंद अग्रवाल शुक्रवार देर रात सांड के हमले में बाल-बाल बच गए।

करौली.
शहर में उनमुक्त विचरण कर आए दिन हादसे कर रहे आवारा सांडों के आंतक से शहरवासियों को निजात मिल जाएगी।

राजस्थान पत्रिका की ओर से आवारा सांड़ से हो रही परेशानी को लेकर शुरू किए गए समाचार अभियान के बाद नगरपरिषद प्रशासन हरकत में आया है। परिषद प्रशासन ने शहर से सांडों को पकडऩा मंगलवार से शुरू कर दिया है। शहर में हर रोज बढ़ रहे आतंक से लोग परेशान हैं। आवारा सांडों ने सड़कों पर साम्राज्य कायम किया हुआ था। अब तक दर्जनों लोगों को आवारा सांड चोटिल करके अस्पताल पहुंचा चुके हैं।

वहीं शहर में इनके बेखौफ घूमने से गंदगी का भी वातावरण रहता है। इसको लेकर पत्रिका ने अभियान के रूप में खबरें प्रकाशित कीं। साथ ही इस समस्या पर विशेष टिप्पणी भी प्रकाशित की गई। इसमें बताया गया कि आवारा सांड शहर में लोगों की जान के लिए आफत बने हुए हैं, लेकिन नगरपरिषद प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। नगरपरिषद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और शहर में आवारा सांडों को पकड़वाने का काम मंगलवार से शुरू कर दिया। पहले दिन पकड़े गए सांडों को ससेड़ी भेजा गया।

''पत्रिका में खबरों के प्रकाशन के बाद शहर में घूमते आवारा जानवरों को पकड़वाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को सांडों को पकड़कर गौशाला भेजा गया है। हर रोज शहर से सांडों को पकड़वाकर गौशाला भेजा जाएगा।''
— राजाराम गुर्जर, सभापति नगरपरिषद

''लोगों के लिए परेशानी बने आवारा सांडों को पकड़वाने का काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को छह सांडों को पकड़वाकर गौशाला भेजा। आगे भी सांडों को पकड़वाया जाएगा।''
— विजय प्रताप सिंह, आयुक्त

इधर, जाम में एक दर्जन से अधिक आरोपित नामजद
नादौती. गंगापुरसिटी मार्ग पर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने करीब दो सौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।इनमें से एक दर्जन से अधिक लोग नामजद हैं। थानाधिकारी राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि पुलिस दल को रोक कर पथराव करने, मारपीट, सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने, रोडवेज, एम्बुलेंस में तोड़ फोड़, रोड जाम करने आदि के लिए विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच गुढ़ाचन्द्रजी चौकी प्रभारी हरभान सिंह कर रहे हैं। ये जाम बहुत बड़ा लगा था।

Published on:
12 Jul 2018 06:12 am