RBSE Board 10th Result 2026 Topper: हिंडौन सिटी की प्रतिभाशाली छात्रा खुशबू शर्मा ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है। खुशबू का सपना भविष्य में आईएएस अधिकारी बनने का है।
RBSE Board 10th Result 2026 Topper : करौली। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की ओर से मंगलवार दोपहर 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस वर्ष परिणाम बेहद उत्साहजनक रहा, जिसमें कुल 94.23 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे।
परिणाम में छात्राओं ने एक बार फिर बाजी मारी। छात्राओं का पास प्रतिशत 94.90 रहा, जबकि 93.63 प्रतिशत छात्र परीक्षा में सफल हुए।
करौली जिले के लिए यह परिणाम खास रहा। हिंडौन सिटी की प्रतिभाशाली छात्रा खुशबू शर्मा ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है। खुशबू का सपना भविष्य में आईएएस अधिकारी बनने का है।
खुशबू की सफलता के पीछे संघर्ष की एक भावुक कहानी भी है। उनके पिता, पार्षद भूपेंद्र शर्मा एडवोकेट का 28 नवंबर 2025 को दिल्ली में एक दुर्घटना में निधन हो गया था। छोटी उम्र में पिता का साया उठने के बावजूद खुशबू ने हिम्मत नहीं हारी।
उनकी माता चंद्रमुखी ने उन्हें निरंतर संबल दिया और लक्ष्य की ओर प्रेरित किया।
खुशबू ने प्रतिदिन 8 से 10 घंटे पढ़ाई कर फरवरी में बोर्ड परीक्षा दी और यह शानदार सफलता हासिल की। वह शहर के एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल की छात्रा हैं। उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प अब अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गया है।
हिंडौन सिटी के छात्र प्रियांशु कुमार गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रियांशु के पिता धर्मेंद्र कुमार गुप्ता एडवोकेट हैं, जिन्होंने बेटे की पढ़ाई में हमेशा सहयोग और मार्गदर्शन दिया। प्रियांशु की इस सफलता को उनकी मेहनत, अनुशासन और परिवार के समर्थन का परिणाम माना जा रहा है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दोपहर एक बजे बोर्ड मुख्यालय अजमेर में कंप्यूटर का बटन दबाकर कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया। बता दें कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब परीक्षा समाप्त होने के मात्र 23 दिनों के भीतर नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। बोर्ड प्रशासक और संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने बताया, इस वर्ष 10वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चली थीं।
राज्य भर में कुल 6,195 केंद्रों पर विषयवार परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। रिकॉर्ड समय में कॉपियों की जांच करने के लिए 30 हजार से ज्यादा परीक्षकों को तैनात किया गया था, जिन्होंने दिन-रात काम करके इस उपलब्धि को संभव बनाया। छात्र आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in और rajresults.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक करें।