करौली

प्रबंध निदेशक ने अभियंताओं को दिया मंत्र, सोशल इंजीनियरिंग से रोकेंगे बिजली चोरी

जयपुर विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक आरजी गुप्ता ने सोशल इंजीनियरिंग से बिजली चोरी रोकने का मंत्र निगम के अभियंताओं को दिया है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2017, 8:50 PM IST
Social engineering
Karauli

करौली। जयपुर विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक आरजी गुप्ता ने सोशल इंजीनियरिंग से बिजली चोरी रोकने का मंत्र निगम के अभियंताओं को दिया है। इसके अलावा लापावाहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश भी दिए। कलक्ट्रेट के सभागार में शुक्रवार को करौली जिले के निगम के अभियंताओं की आयोजित बैठक में गुप्ता ने कहा कि फीडऱ प्रभारियों के साथ सख्ती जरूरी है, लेकिन अब उनके साथ मधुर सामाजिक संबंध बनाए जाए।

प्रत्येक सहायक अभियंता अपने-अपने क्षेत्र के फीडर प्रभारी के घर जाएंगे, उनके बच्चों के जन्म दिन, शादी विवाह जैसे समारोह में शिरकत करेंगे। इससे फीडऱ प्रभारी और अभियंताओं के बीच प्रगाड़ संबंध बनेंगे। उन्होंने बताया कि अगली बार होने वाली बैठक में इसकी समीक्षा भी की जाएगी, अभियंताओं ने फीडऱ प्रभारी के घर हुए पारीवारिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उन्हें अपने घर बुलाया या नहीं। गुप्ता ने कहा कि बिजली चोरी रोकने में फीडऱ प्रभारियों का महत्वपूर्ण स्थान है, उनसे अच्छे संबंध बनाकर निगम हित में कार्य कराए जाए।

और इधर प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश
प्रबंध निदेशक ने अनियमितता करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ बिजली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए। करौली के अधिशासी अभियंता ने बताया कि एक उपभोक्ता के घर तीन बीसीआर भरी गई,लेकिन मीटर व बीसीआर शाखा के प्रभारी ने बीसीआर नहीं भरने की झूठी रिपोट देकर उपभोक्ता के घर मीटर लगा दिया। इस मामले को प्रबंध निदेशक ने गम्भीर मान थाने में मुकदमा दर्ज कराने को कहा। निगम के अधीक्षण अभियंता बीएस मीना ने बताया कि अनियमितता करने वाले मीटर प्रभारी हनीफ को निलंबित कर मुख्यालय टोडाभीम किया है तथा विस्तृत जांच के आदेश भी दिए हैं।

नादौती में आरएसी के साथ चलाएंगे अभियान
नादौती क्षेत्र में बिजली चोरी पर अंकुश नहीं लगने पर प्रबंध निदेशक ने नाराजगी जताई। जिसके जवाब में क्षेत्र के सहायक अभियंता ने बताया कि श्रीमहावीरजी क्षेत्र से लगते गांवों में चोरी नहीं रुक पा रही है। जिस पर प्रबंध निदेशक ने आरएसी का जाप्ता साथ में लेकर अभियान चलाने को कहा।

भूमिगत केबल डाल, निर्बाध रूप से बिजली देंगेे
करौली विद्युत निगम का 33 करोड़ का घाटा कम होने पर शहर में भूमिगत केबल तथा निर्बाध रूप से बिजली उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए। प्रबंध निदेशक ने बताया कि गत साल करौली 80 करोड़ के घाटे में थी, लेकिन अब घाटा 33 करोड़ रुपए घटकर 50 करोड़ रह गया है। इस कारण करौली, हिण्डौन सिटी शहर की बिजली व्यवस्था में सुधार की जाएगी।

Published on: