
प्राचार्य डॉ. उदयराज मीना ने बताया कि कार्यक्रम में जयपुर से आए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के रिसोर्स पर्सन आरआर सोनी ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ऑनलाइन धोखाधड़ी और संदिग्ध लेन-देन से बचने के तरीके विस्तार से समझाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। छात्राओं को अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और निजी विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी।
सोनी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से निवेश के विभिन्न विकल्पों, जोखिम प्रबंधन, वित्तीय बाजार की कार्यप्रणाली और सुरक्षित निवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। उन्होंने छात्राओं को आर्थिक निर्णय लेने से पहले पूरी जानकारी जुटाने और सोच-समझकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर रानी लक्ष्मीबाई केंद्र की प्रभारी नीतू सिंह ने छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके बताए और उनसे जुड़ी गतिविधियों का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा को आत्मरक्षा के बुनियादी तरीके सीखने चाहिए, ताकि विपरीत परिस्थितियों में वह आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा कर सके।कार्यक्रम में डॉ. नत्थूसिंह, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. सुनीता मीना, छाया मीना, अंजू, वीरसिंह सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।