Hindi News / Rajasthan / Karauli / Karauli News: बिजली समस्या से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, किया विरोध प्रदर्शन
Karauli News: बिजली समस्या से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, किया विरोध प्रदर्शन
कुडग़ांव. परीता गांव में पिछले एक साल से बनी बिजली समस्या को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण जीएसएस कार्यालय पहुंचे और बिजली बंद कर विभाग के खिलाफ विरोध…
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली की समस्या को देखते हुए पिछले साल विभाग की ओर से नया ट्रांसफार्मर भेजा गया था, लेकिन उसे अब तक स्थापित नहीं किया गया है। नया ट्रांसफार्मर जीएसएस परिसर में ही पड़ा हुआ है। इसके चलते गांव में लोड की समस्या बनी हुई है और नियमित रूप से बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक साल से गांव में बिजली की आंखमिचौली जारी है। दिन में कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है, जबकि रात के समय भी बार-बार बिजली बंद होने से परेशानी होती है। इसका असर बच्चों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई और घरेलू कामकाज पर पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में बिजली संकट से लोग परेशान रहे और अब सर्दी में भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। लोड बढ़ते ही ट्रांसफार्मर ट्रिप हो जाता है, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। कम वोल्टेज के कारण पंखे, लाइट और पानी की मोटर भी ठीक से काम नहीं कर पाते।
नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों को अवगत कराने के साथ शिकायतें भी दी गईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर ग्रामीणों ने जीएसएस कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता नीतीश गोयल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान श्रीमन, मदनमोहन, पप्पू, दर्शन, संजय, अंकुर, अखिलेश, राजकुमार, मनीष सहित शहजपुर से समयसिंह गुर्जर, कुलदीप, कमर गुर्जर, देवीसिंह एवं अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
इनका कहना है
ग्रामीणों की समस्या सुनी गई है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर लोड सेटिंग और कम वोल्टेज की समस्या दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नीतीश गोयल, कनिष्ठ अभियंता, विद्युत निगम
कैप्शन जीएसएस कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान मौजूद ग्रामीण एवं किसान।