
मासलपुर ञ्च पत्रिका. चैनपुर कस्बे की जाटव बस्ती में बुधवार रात एक कुआं भरभरा कर ढह गया। जिससे बस्ती के लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। जाटव बस्ती के रामदयाल जाटव, रमेश जाटव, चिरंजी, अमरलाल, हरिसिंह ने बताया कि बुधवार रात को कस्बे में बारिश से कुआं ढह गया। कुएं में लगी मोटर मलबे में दब गई। लोगों के अनुसार जाटव बस्ती के करीब ६० परिवार पेयजल के लिए इसी कुएं पर निर्भर हैं। पेयजल का अन्य कोई स्रोत नहीं है। ऐसे में लोग अब पेयजल के लिए परेशान हैं। कुएं पर पानी के लिए दिन भर महिलाओं की भीड़ रहती थी। गनीमत रही, कि यह घटना रात के समय हुई।जिससे वहां कोई नहीं था। अन्यथा हादसा हो सकता था । ग्रामीणों ने बताया कि कुआं ढहने के दूसरे दिन सुबह ही प्रशासन को सूचना दे दी गई मगर अभी तक कोई भी अधिकारी-कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। जिससे बस्ती के लोगों में रोष है।