करौली

खेलकूद प्रतियोगिता के रोमांचक हुए मुकाबले, खिलाडिय़ों ने दर्शाया खेल कौशल

नादौती. कोटा विश्वविद्यालय के तत्वावधान में राजीव गांधी महाविद्यालय के खेल मैदान परिसर में आयोजित अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत गुरुवार को सॉफ्टबॉल एवं नेटबॉल के फाइनल मुकाबले खेले गए।…
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 10:50 AM IST
नादौती में आयोजित खेल प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि।

नादौती. कोटा विश्वविद्यालय के तत्वावधान में राजीव गांधी महाविद्यालय के खेल मैदान परिसर में आयोजित अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत गुरुवार को सॉफ्टबॉल एवं नेटबॉल के फाइनल मुकाबले खेले गए। दोनों खेलों के पुरुष एवं महिला वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

सॉफ्टबॉल के पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में निर्मल महाविद्यालय हिंडौन ने आदर्श टीचर ट्रेनिंग कॉलेज सूरौठ को 6 होम से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। मुकाबले की शुरुआत से ही निर्मल महाविद्यालय के खिलाड़ी विपक्षी टीम पर हावी रहे। बल्लेबाजों ने शानदार शॉट लगाए, वहीं गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी और खिलाड़ियों की बेहतरीन क्षेत्ररक्षण ने विपक्षी टीम को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। आदर्श टीचर ट्रेनिंग कॉलेज सूरौठ की टीम ने भी कड़ा संघर्ष किया, लेकिन अंत में निर्मल महाविद्यालय ने जीत दर्ज की।

महिला वर्ग के फाइनल में अग्रसेन महिला महाविद्यालय की टीम ने राजकीय महाविद्यालय बूंदी को एक होम से हराकर खिताब अपने नाम किया। दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंतिम क्षणों में अग्रसेन महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने धैर्य और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

नेटबॉल के पुरुष वर्ग के फाइनल में राजकीय कला महाविद्यालय कोटा ने राजकीय विज्ञान महाविद्यालय कोटा को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। दोनों टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में कला महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर जीत दर्ज की। वहीं महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय बूंदी की टीम ने राजकीय महाविद्यालय कोटा को हराकर खिताब अपने नाम किया।

मैचों के दौरान राजीव गांधी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रद्युम्न सिंह, कोटा विश्वविद्यालय की ओर से प्रतियोगिता पर्यवेक्षक नियुक्त प्रियकांत बेनीवाल, विश्वविद्यालय के कोच देवी सहाय शर्मा, रामविलास चेतीवाल एवं महेंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों का शुभारंभ कराया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।

प्रतियोगिता में कुलदीप झाला, हिमाद्री शर्मा, रिया कुमारी एवं हेनरी डिसूजा सहित अन्य निर्णायकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आयोजन की सफलता में महाविद्यालय प्रबंधन के साथ धीरज शर्मा, लक्ष्मण सिंह खटाना, नरेश, अजय कुमार मीणा, सतभान सिंह एवं कौशल कुमार शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Updated on:
28 Nov 2026, 10:50 AM IST
Published on: