कासगंज

गंगा नहर में गिरने से बची पैसेंजर ट्रेन, टला बड़ा हादसा, देखें वीडियो

यहां कासगंज में राजस्‍थान भरतपुर से कासगंज आ रही सवारी गाड़ी (55354) निचली गंगा नहर के पुल के पास दुर्घटना का शिकार हो गई।
2 min read
• •
Updated: 23 Dec 2017, 8:49 PM IST
Passenger train
Passenger train

कासगंज। उत्तर प्रदेश में बड़ा ट्रेन हादसा होने से टल गया। यहां कासगंज में राजस्‍थान भरतपुर से कासगंज आ रही सवारी गाड़ी (55354) निचली गंगा नहर के पुल के पास दुर्घटना का शिकार हो गई। पैसेंजर ट्रेन नहर में गिरने से बाल-बाल बच गई।

लोडर टेंपो से टकराई ट्रेन
ये घटना निचली गंगा नहर के पुल की है। यहां पर राजस्थान के भरतपुर से आ रही पैसेंजर ट्रेन ट्रैक पर फंसे लोडर टेंपो से टकरा गई। करीब 200 मीटर तक लोडर टेंपो ट्रेन के साथ घसीटता हुआ चला गया, जिससे पुल की बैरीकेटिंग टूट गईं। इस हादसे में लाइन मैन व एक अन्य ग्रामीण बाल-बाल बच गए। सवा घंटे के बाद दुर्घटनास्थल से गाड़ी कासगंज की ओर रवाना हो पाई।

यहां हुआ हादसा
यह हादसा कासगंज-मथुरा रेलमार्ग पर मारहरा रेल क्रॉसिंग और हजारा नहर के रेल पुल संख्या 405 पर किलोमीटर 250 पर हुआ। यहां के एक कच्चे रास्ते से यूटीलिटी लोडर टेंपो गाय, बछडे़ लेकर अलीगढ़ के दादों की ओर जा रहा था। टेंपो चालक ने गलत रास्ते से सीधी रेल लाइन पास करने की कोशिश की। रेल लाइन पर जाकर टेंपो फंस गया। इस हादसे में चालक के अलावा टेंपो मालिक विकास व अन्य तीन लोग भी सवार थे। टेंपो को निकालने की काफी कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। ऐसी स्थिति में टेंपो से गाय, बछड़ा को उतार लिया। वहीं यात्री भी उतर गए।


पटरी से उतरी ट्रेन
ट्रेन के इंजन में लोडर टेंपो फंसे होने के कारण रेल पटरियों, पुल के बैरीकेट से भिड़ता चला गया, जिससे बैरीकेट भी क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रेन को रोकने का प्रयास कर रहे की-मैन गिरजेश कुमार बाल बाल बच गए। वहीं ग्रामीण शान मोहम्मद पुल की बैरीकेट के घेरे में बचने के लिए खड़ा था, लेकिन बैरीकेट टूट गया। शान मोहम्मद भी बाल-बाल बच गए। गाड़ी के रुकते ही दुर्घटनास्थल पर भगदड़ मच गई।

मौके पर पहुंचे अधिकारी
आनन-फानन में रेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रेल के इंजन में फंसे मलबे को बाहर निकालकर रेल मार्ग साफ किया। रेल पटरी में जगह-जगह क्लिप खुल गए थे, जिन्हें रेल कर्मियों ने तुरंत सही किया। करीब सवा घंटे तक गाड़ी मौके पर खड़ी रही। रेल पथ सही व साफ करने के बाद गाड़ी को कासगंज के लिए रवाना किया गया।

Published on: