
कासगंज। लगातार मासूमों की हत्या हो रही थी। कारण तलाशने में पुलिस जुटी हुई थी। कासगंज पुलिस अधीक्षक पियूष श्रीवास्तव के नेतृत्व में इन मामलों के खुलासे को लेकर टीम गठित की गई। इन टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने बुद्धा तेली गैंग के 6 सदस्यों को दबोचा है, जिनसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
भाड़े पर करते थे मासूमों की हत्या
कासगंज पुलिस अधीक्षक पीयूष श्रीवास्वत ने भाड़े पर मासूमों को अगवा कर हत्या करने वाले बुद्धा तेली गैंग का सनसनी खेज पर्दाफाश किया है। पुलिस और इंटेलीजेंस की टीम ने इस मामले में जघन्य अपराध करने वाले छह हत्यारों को गिरफ्तार कर प्रेसवार्ता के बाद जेल भेज दिया है। इस चुनौती भरे खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें बीते दिनों से जुटी हुईं थीं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचा तीन मोबाइल के अलावा चार जिन्दा कारतूस भी बरामद किए हैं।
ये हैं गैंग के सदस्य
बुद्धपाल उर्फ बुद्धा तेली निवासी थाना गांव पटियाली, सुनील निवासी कनकपुर थाना बागवाला, रोहित, पुष्पेन्द्र सोलंकी निवासी कलानी थाना सिढ़पुरा, छोटे उर्फ सत्यप्रकाश, धर्मेन्द्र निवासी ढकरई के रहने वाला है और ये सभी बु़द्धातेली गैंग के सदस्य के नाम से जाने पहचाने जाते हैं। पुलिस अधीक्षक पीयूष श्रीवास्वत के मुताबिक बुद्धा तेली गैंग ने बीती आठ अप्रैल को बहोरनपुर गांव के दो चचेरे ततेरे भाई सचिन और अमित को अगवा कर काशीराम आवासीय कालोनी में ले जाकर हत्या की थी। बाद में उनके शवों को ढकरई विद्यालय के पीछे फेंक दिया था। उन्होंने दोनों की बच्चों की हत्या के पीछे बताया कि ढकरई गांव में दो पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही थी। एक पक्ष ने साजिश के तहत पैसा देकर इसी गैंग से हत्या कराई थी।
बलि के लिए अगवा किया था मासूम
पुलिस अधीक्षक पीयूष श्रीवास्वत ने बताया कि 17 फरवरी को ताजपुर बारात के दौरान अनिल कुमार के बेटे पवन को भी इसी गैंग ने अगवा किया था और एक व्यक्ति को पैसे लेकर बैचा था। तांत्रिक के कहने पर एक व्यक्ति द्वारा अपने भाई की लम्बी बीमारी के चलते एक बच्चे की बलि देकर ठीक करने की बात कहीं गई थी। इसलिए पवन की बलि दी गई। इस जघन्य मासूम हत्याकांड खुलासे के बाद एडीजे आगरा द्वारा टीम को 15 हजार रूपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई, जबकि पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।