रात में दरोगा जी और पुलिसकर्मियों के सामने अचानक आकर रुकी, सफेद रंग की गाड़ी।
कासगंज। रात के अधेंरे में सफेद रंग की कार से गुलाबी टीशर्ट और जींस पहने इस शख्स ने पुलिस के होश उड़ा दिए। पहले तो पुलिस अधिकारी अकड़ में नजर आए, लेकिन जब पता चला, कि ये तो जिले के नए कप्तान हैं, तो उनके होश उड़ गए। नवागत पुलिस कप्तान ने रात में जिले की पुलिसिंग व्यवस्था देखने के लिए औचक निरीक्षण किया, तो पुलिस की हकीकत सामने आई।
जनता खुश
जहां एक ओर नवागत पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा की कार्यशैली से जनता में खुशी की लहर है, तो वहीं दूसरी ओर उन्ही के मातहतों में हड़कंप मचा हुआ है। श्रीमीणा के चार्ज भार संभालते ही लापरवाह पुलिस कर्मियों के पसीने छूट रहे हैं। जिले की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए लगातार रात्रि दौरा कर थाने चैकियों का हाल चाल भी ले रहे हैं, जिससे अपराधी भी उनकी कार्यशैली से जिला बदर होते जा रहे हैं। आलम यह है कि जनता भय मुक्त और अपराधी पस्त हो चुका हैं।
चार्ज लेते ही एसएसपी का बिग प्लान
बता दें कि शुक्रवार को कासगंज जनपद के डीआईजी पीयूष श्रीवास्तव का तबादला हो जाने के बाद रायबरेली से आए एसपी शिवहरी मीणा ने बीते रविवार को चार्ज भार ग्रहण कर लिया। उनके चार्जभार ग्रहण होते ही उनकी जिले में चर्चाएं आम हो गईं। पहले दिन ही उन्होेंने जिले की कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिए ढोलना थाना क्षेत्र में पहुंच गए। जहां उन्होंने इनायती पुलिस चौकी सूनसान मिलने पर तत्काल प्रभाव से चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं दूसरे दिन भी बिना बताए जिले में निकल लिए। जहां सड़कों पर रात्रि गश्त का जायजा लिया कि रात में कासगंज की पुलिस क्या कर रही है। पुलिस सो रही है, या फिर जागकर मुस्तैद दिखाई दे रही है।
गंदगी मिलने पर हड़काए थानाध्यक्ष
एसएसपी ने कोतवाली थानों, चैकियों की साफ सफाई व्यवस्था की जायजा लिया, जहां हवालात में गंदगी मिलने पर एसआई को कड़ी लताड़ लगाई और उन्हें दुबारा गंदगी न मिलने पर एसआई और थानाध्यक्ष को ही हवालात में बंद करने की चेतावनी दी। उधर ऐसे अधिकारी की जनचर्चाएं जिले भर में आम हो गईं है और उनकी चारों ओर बाहवाही हो रही।