कटनी

एक करोड़ की भूमि से प्रशासन ने हटवाया भू-माफिया का कब्जा, हकदार को सौंपी चॉबी

कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजस्व अमले के साथ नगर निगम व पुलिस ने ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई

2 min read
Sep 22, 2021
एक करोड़ की भूमि से प्रशासन ने हटवाया भू-माफिया का कब्जा, हकदार को सौंपी चॉबी

कटनी. शहर के मुख्य मार्ग बरगवां में एक परिवार की लगभग एक करोड़ कीमत के मकान व जमीन पर कुछ दबंगों ने ताला तोड़कर कब्जा कर लिया था। प्रशासन ने शिकायत के बाद कब्जा हटाकर भूमि स्वामी को मकान की चाबी सौंपी है। जानकारी के मुताबिक पांच दिन पूर्व पीडि़त ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा व पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन को दी। जिसके बाद मंगलवार को एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व, नगर निगम और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पीडि़त परिवार की कीमती जमीन व मकान का कब्जा हटवाया और संबंधित को मकान की चाबी सौंपी। मसुरहा वार्ड निवासी दीपक कुमार नगरिया ने 15 सितंबर को कलेक्टर व एसपी को आवेदन दिया था। जिसमें उनका कहना था कि उन्होंने वर्ष 2015 में राजकुमार आलानी से बरगवां के पटवारी हल्का क्रमांक 45/7 नया 42, नजूल सीट नंबर 12 सी भू खंड का चलता नंबर 67, खसरा नंबर 136 पर निर्मित मकान नंबर 532 खरीदा था। 330 वर्ग फीट पर भूतल व प्रथम तल पर निर्मित मकान में उन्होंने दो साल पूर्व काम कराया। जमीन व मकान का नामांतरण सहित अन्य दस्तावेज उसके पास हैं। जिसकी प्रतियां भी पीडि़त नगरिया ने कलेक्टर व एसपी को उपलब्ध कराई। नगरिया ने बताया कि 6 सितंबर को उनको पता चला कि रवि शर्मा, सचिन यादव, संतोष उर्फ संतू परौहा एडवोकेट और उनके कुछ लड़कों ने साथ मिलकर उनके मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया है। नगरिया जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें धमकी दी गई। जिसके बाद डरकर परिवार भाग आया और कलेक्टर, एसपी को शिकायत सौंपी।

बड़ी संख्या में तैनात रहा बल
दीपक नगरिया की शिकायत पर कलेक्टर मिश्रा ने एसडीएम बलवीर रमन को दस्तावेजों की जांच करते हुए तत्काल कब्जा पीडि़त को दिलाए जाने के निर्देश दिए। एसपी ने सीएसपी को मौके पर बल भेजने के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम राजस्व अमला व नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सुरक्षा को लेकर सीएसपी शशिकांत शुक्ला, रंगनाथ नगर थाना, कोतवाली के बल के साथ मौजूद थे। अधिकारियों ने कब्जाधारियोंका ताला तोड़कर बोर्ड आदि हटाए और दीपक नगरिया को कब्जा दिलाया गया।

Published on:
22 Sept 2021 10:03 am
Also Read
View All