
Schools to be Lit Up by Solar Energy
कटनी. जिले के चयनित अमृत स्कूल अब सौर ऊर्जा से रोशन होंगे। शिक्षा विभाग द्वारा ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने और स्कूलों में निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 10 स्कूलों में सोलर पैनल लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए बिजली विभाग द्वारा तकनीकी परीक्षण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
शिक्षा विभाग ने बरगवां, पिपरौंध, देवगांव, खमतरा, कूडऩ, परसेल, महनेर, गौरा, चांदी, बरछेंका और सिमरिया सानी स्कूलों को योजना में शामिल किया है। इन स्कूलों में सौर ऊर्जा आधारित सिस्टम लगाए जाएंगे, जिससे बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
जानकारी के अनुसार इस योजना का प्रस्ताव तत्कालीन कलेक्टर अवि प्रसाद के कार्यकाल में तैयार किया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से कार्य में देरी होती रही। अब करीब दो वर्ष बाद स्कूलों में सौर ऊर्जा सिस्टम स्थापित करने की प्रक्रिया तेज हुई है। प्रत्येक स्कूल में लगभग 80 हजार रुपये की लागत से सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इनमें 5400 पीएएन क्षमता के सोलर सिस्टम के साथ 12 वोल्ट और 120 एएच बैटरी क्षमता वाली यूनिट स्थापित की जाएगी। इनसे स्कूलों में बिजली आपूर्ति होगी और पंखे, लाइट सहित अन्य आवश्यक उपकरण संचालित किए जा सकेंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा सौर ऊर्जा सिस्टम की सामग्री पहले ही क्रय कर ली गई है। अब बिजली विभाग के माध्यम से तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से सोलर पैनल स्थापित किए जा सकें। इसके लिए शिक्षा विभाग ने शहर संभाग के विद्युत अभियंता को पत्र भी भेजा है। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से न केवल बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और अक्षय ऊर्जा के प्रति जागरूक करने में भी मदद मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में बिजली बाधित होने की स्थिति में भी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।
चयनित 10 अमृत स्कूलों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सामग्री उपलब्ध हो चुकी है और बिजली विभाग से परीक्षण कराया जा रहा है। सौर ऊर्जा आधारित यह व्यवस्था स्कूलों में बिजली की समस्या कम करने के साथ ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Published on:
25 May 2026 07:26 pm
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
