25 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खिरहनी में बनकर तैया हुआ आधुनिक विद्युत सब स्टेशन, 23 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत

तीन करोड़ की लागत से तैयार हुआ 33/11 केवी सब स्टेशन, लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती से मिलेगी निजात, प्रेमनगर पीएम आवास योजना के हजारों फ्लैटों में भी पहुंचेगी बिजली, जल्द होगा आवंटन का रास्ता साफ

3 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

May 25, 2026

Power Substation Completed in Katni

Power Substation Completed in Katni

कटनी. शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से बनी बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उपनगरीय क्षेत्र खिरहनी में बिजली विभाग द्वारा आरडीएसएस योजना के तहत आधुनिक विद्युत सब स्टेशन का निर्माण कराया गया है। यह सब स्टेशन आने वाले लगभग एक सप्ताह में शहर सहित ग्रामीण इलाकों के लगभग 23 हजार उपभोक्ताओं के लिए राहत का केंद्र साबित होगा।
बिजली विभाग के अनुसार खिरहनी क्षेत्र में 33/11 केवी क्षमता का नया सब स्टेशन तैयार किया गया है। इसकी क्षमता 5 एमवीए रखी गई है। तीन करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह परियोजना शहर की बढ़ती आबादी और बिजली की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है। हालांकि यह परियोजना एक वर्ष पहले पूरी होनी थी, लेकिन जमीन आवंटन में देरी और कुछ तकनीकी अड़चनों के कारण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। अब विभाग द्वारा इसे एक सप्ताह के भीतर चालू करने की तैयारी की जा रही है।

तीन फीडरों में बंटेगा लोड, खत्म होगी ट्रिपिंग की समस्या

नए सब स्टेशन के शुरू होते ही वर्तमान बिजली व्यवस्था को तीन अलग-अलग फीडरों में विभाजित किया जाएगा। इनमें खिरहनी फीडर, एनकेजे फीडर और राहुल बाग फीडर शामिल हैं। इससे बिजली लोड का संतुलन बेहतर होगा और ओवरलोडिंग के कारण होने वाली ट्रिपिंग व ब्रेकडाउन जैसी समस्याओं में काफी कमी आएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार नए सब स्टेशन के चालू होने से दुबे कॉलोनी, दुर्गा चौक, तिलक कॉलेज क्षेत्र, रोशन नगर, गोपाल नगर, साईंपुरम तथा जुहला-जुहली क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों में लंबे समय से लो वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं।

यह होगा सीधा फायदा

सब स्टेशन के निर्माण से उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने के साथ-साथ फॉल्ट सुधार में भी तेजी आएगी। इलाके में लो-वोल्टेज की समस्या अधिक थी, वह समाप्त हो जाएगी। किसी एक क्षेत्र में खराबी आने पर पूरे इलाके की बिजली बंद करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे उपभोक्ताओं को कम परेशानी होगी। साथ ही बिजली कंपनी को लाइन संधारण और तकनीकी कार्यों में भी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र नागरिक चंद्रधर बडग़ैंया, वेदप्रकाश पांडेय, मार्तंड सिंह आदि का कहना है कि यह सब स्टेशन क्षेत्र के लिए बड़ी राहत वाला होगा। इससे न केवल बिजली आपूर्ति बेहतर होगी, बल्कि आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी और औद्योगिक जरूरतों को भी पूरा करने में मदद मिलेगी।

पीएम आवास के हितग्राहियों को लाभ

खिरहनी सब स्टेशन का सबसे बड़ा फायदा प्रेमनगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की मल्टी में रहने वाले हितग्राहियों को भी मिलने जा रहा है। नगर निगम द्वारा यहां 1200 से अधिक पीएम आवास फ्लैटों का निर्माण कराया गया है, लेकिन बिजली व्यवस्था पूरी तरह तैयार नहीं होने के कारण लंबे समय से इन फ्लैटों का आवंटन अटका हुआ था। अब बिजली लाइन डालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। नगर निगम के ठेकेदार द्वारा विद्युत लाइन बिछाने का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जैसे ही नया सब स्टेशन चालू होगा, इन फ्लैटों में बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी और करीब एक हजार से अधिक परिवारों को अपने पक्के आशियाने में रहने का अवसर मिल सकेगा।

वर्जन

खिरहनी में 33/11 केवी का 5 एमवीए क्षमता वाला विद्युत सब स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। इस सप्ताह टेस्टिंग के बाद चालू कर दिया जाएगा। इससे लगभग 23 हजार उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।

मुकेश मोहबे, शहर अभियंता, विद्युत विभाग।

वर्जन

पीएम आवास की मल्टी में बिजली नहीं होने के कारण आवंटन प्रभावित हुआ है। यहां पर विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। आवंटन की प्रक्रिया भी चल रही है। शीघ्र ही हितग्राही अब अपने मकानों में रह सकेंगे।

तपस्या परिहार, आयुक्त नगर निगम।