कटनी

फिर शर्मसार हुई मानवता: घायल तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, चारपाई पर उठाकर आधा किलोमीटर चले परिजन

- जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोहावल में मंगलवार को एक फिर 108 एंबुलेंस चालक की मनमानी से मानवता शर्मसार हुई। गांव में लालू कोल (40) कहुआ के पेड़ से गिरकर गंभीर घायल हो गया। - उसे फौरन इलाज के लिए अस्पताल ले जाने 108 एंबुलेंस बुलवाया गया। एंबुलेंस चालक गांव पहुंच तो गया, लेकिन घर तक वाहन ले जाने से मना कर दिया। एंबुलेंस क्रमांक एमपी 02 एवी 6353 के चालक की मनमानी से परेशान परिजन पहले तो ड्राइवर से मिन्नतें करते रहे। - परिजनों ने कहा घर तक सीसी सड़क है, एबुलेंस ले जाने से नुकसान नहीं होगा, फिर भी चालक नहीं माना।
2 min read
• •
Updated: 26 Jun 2019, 12:31 PM IST
Ambulance driver's negligence in patient treatment
Ambulance driver's negligence in patient treatment

कटनी. जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोहावल में मंगलवार को एक फिर 108 एंबुलेंस चालक की मनमानी से मानवता शर्मसार हुई। गांव में लालू कोल (40) कहुआ के पेड़ से गिरकर गंभीर घायल हो गया। उसे फौरन इलाज के लिए अस्पताल ले जाने 108 एंबुलेंस बुलवाया गया। एंबुलेंस चालक गांव पहुंच तो गया, लेकिन घर तक वाहन ले जाने से मना कर दिया। एंबुलेंस क्रमांक एमपी 02 एवी 6353 के चालक की मनमानी से परेशान परिजन पहले तो ड्राइवर से मिन्नतें करते रहे। परिजनों ने कहा घर तक सीसी सड़क है, एबुलेंस ले जाने से नुकसान नहीं होगा, फिर भी चालक नहीं माना। परिजन परेशान थे कि लालू को किसी तरह अस्पताल ले जाना जरुरी है। मजबूरी में परिजनों ने घायल लालू को चार पाई (खटिया) में उठाया और करीब आधा किलोमीटर पैदल चलकर एंबुलेंस तक लेकर आए। तब जाकर ड्राइवर घायल लालू को बरही अस्पताल तक लेकर आया।

इधर डॉक्टरों की मनमानी से हो गई मौत
सामुदायिक स्वाथ्य केंद्र बरही में में उपचार के लिए पहुंची एक महिला की मौत हो गई है। परिजनों का आरोप है कि महिला का उपचार न होने के कारण उसने दम तोड़ दिया। आक्रोशित परिजनों परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार सुरेश सोनी ने परिजनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। जानकारी अनुसार कटनी सिमा से लगे उमरिया जिला इंदवार थानांतर्गत मुंगवानी निवासी महिला करुणा पति सुनील लोनी अज्ञात कारणवश मंगलवार सुबह 7 बजे जहर पी लिया था। हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वाथ्य केंद्र बरही में सुबह 8.30 बजे में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की सुबह 10 बजे मौत हो गई। सही व समय पर उपचार नहीं किया न ही रेफर किया गया। वहीं परिजनों का आरोप है सुबह से शाम हो जाने के बाद अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं पहुंचा। शाम तक मृतिका का शव परीक्षण नहीं किया गया। वहीं अमरपुर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में जुट गई है। इस मामले में बरही स्वास्थ्य केंद्र के बीएम राममणि पटेल से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

डॉक्टर बोले, कर दिया था रैफर
इस संबंध में महिला का इलाज करने वाले डॉ. पीयूष तिवारी का कहना है कि महिला गंभीर हालत में आई थी। रात में उसने जहर खाया था, उपचार शुरू कर दिया गया था, हालत गंभीर होने पर मौत हो गई। तत्काल 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जबतक महिला को वाहन में शिफ्ट किया तबतक मौत हो गई। हालांकि पीएम न होने का एक कारण यह भी बताया जा रहा कि बरही पुलिस ने पीएम कराने से मना कर दिया था कि यह मामला इंदवार थाना का है।

Published on: