कटनी

चलती ट्रेन में पेट्रीकार के वेंडरों ने मचाया आतंक, यात्रियों को घेरकर चलाया चाकू, दो महिला सहित तीन घायल

attack on passengers in train
2 min read
• •
Updated: 23 Feb 2025, 8:41 PM IST
attack on passengers in train
attack on passengers in train

दानापुर-पुणे एक्सप्रेस में हुई घटना, रास्ता देने को लेकर हुआ विवाद, जीआरपी ने दबोचा

कटनी. दानापुर-पुणे एक्सप्रेस में पेंट्रीकार के वेंडरों ने आंतक मचा दिया। आधा दर्जन से अधिक वेंडरों ने यात्रियों को घेर दिया और चाकू मारकर तीन को घायल कर दिया। घटना के दौरान ट्रेन में हडक़ंप मच गया। अन्य यात्री घबरा गए। ट्रेन के अंदर घुसने के लिए रास्ते देने को लेकर उपजे विवाद में दो महिला यात्रियों सहित एक पुरुष यात्री घायल है। आरोपी के खिलाफ जीआरपी ने धारा 115, 296, 118 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार ट्रेन क्रमांक 12150 दानापुर-पुणे एक्सप्रेस में मैहर रेलवे स्टेशन से कटनी के लिए दमोह जिले का कुंभ यात्रियों का एक जत्था सवार हुआ। जैसे ही ट्रेन मैहर से छूटी तो पेंट्रीकार का वेंडर सामग्री बेचते हुए कोच में पहुंचा। ट्रेन में खचाखच भीड़ थी। वेंडर यात्रियों के बीच से जबरदस्ती घुसने का प्रयास कर रहा था। महिलाओं से धक्का-मुक्की करने लगा। लोगों ने रोका तो वह आपा खो बैठा और गाली गलौज करते हुए यात्रियों के साथ मारपीट करने लगा।

चेन पुलिंग कर रोकी ट्रेन, फिर मचाया आतंक
विवाद करते हुए आरोपी वेंडर मो रिजवान निवासी समस्तीपुर बिहार पास में रखी चाकू निकाला और हमला कर दिया। इस हमले में उमाशंकर ठाकुर (60) शिवानी ठाकुर (27), राधा ठाकुर (55) तीनों निवासी बासा पथरिया दमोह को चोंट आई है। चाकू से तीनों के पंजे व ऊंगलियों में गंभीर चोट आई है। विवाद करने के बाद आरोपी चैन पुलिंग कर दिया और अन्य साथियों को जाकर बुला लाया और यात्रियों को डराने धमकाने लगा। कहने लगा कि यह हमारी ट्रेन है। सह यात्रियों ने बताया कि बदमाश एकदम से सीने में चाकू से वार कर रहा था, बचाव करते समय तीनों के हाथ में चाकू लगी है।

दहशत में रहे यात्री
बदमाश द्वारा चाकू से यात्रियों पर हमला किए जाने के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। आनन-फानन में लोगों ने रेल कंट्रोल को सूचना दी। ट्रेन के कटनी पहुंचते ही जीआरपी ने ट्रेन को अटेंड किया और मामले में कार्रवाई करते हुए बदमाश को दबोचा।

वर्जन
दानापुर-पुणे एक्सप्रेस में पेंटीकार वेंडर मो रिजवान समस्तीपुर बिहार द्वारा सामान बेचने के लिए गैलरी में खड़े यात्रियों के बीच जगह न मिलने पर विवाद किया। मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें दो महिला यात्रियों सहित एक अधेड़ को चोट आई है। आरोपी को पकड़ते हुए उसके खिलाफ धारा 115, 296, 118 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
एलपी कश्यप, थाना प्रभारी जीआरी।

Updated on:
23 Feb 2025, 8:41 PM IST
Published on: