कटनी

ताला तोड़कर एक करोड़ की मकान पर भू-माफिया ने किया कब्जा, प्रशासन ने हटवाया

पीडि़त का आरोप रवि शर्मा, सचिन यादव और संतोष उर्फ संतू परौहा (एडवोकेट) ने साथियों के साथ मकान का ताला तोड़कर किया था जबरिया कब्जा.

2 min read
Sep 22, 2021
मंगलवार को बरगवां में जबरिया कब्जा हटवाने के लिए राजस्व, पुलिस और निगम की टीम पहुंची।

कटनी. शहर में भू-माफिया के बढ़ते हौसले से अब आमजन भी परेशान होने लगे हैं। ऐसे ही एक मामले में मंगलवार को बरगवां में जबरिया कब्जा हटवाने के लिए राजस्व, पुलिस और निगम की टीम पहुंची। यहां कब्जा हटाकर पीडि़त मकान मालिक को चाबी दिए जाने के दौरान भू-माफिया की ओर से पैरवी करने वाले प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश में लगे रहे, लेकिन टीम के आगे दलीलें नहीं चली।

बतादें कि 15 सितंबर को मसुरहा वार्ड निवासी दीपक कुमार नगरिया ने कलेक्टर और एसपी को शिकायत में बताया कि उनके द्वारा 2015 में राजकुमार आलानी से बरगवां के पटवारी हल्का क्रमांक 45/7 नया 42, नजूल सीट नंबर 12 सी भूखंड का चलता नंबर 67, खसरा नंबर 136 पर निर्मित मकान नंबर 532 खरीदा था। 330 वर्गफीट पर भूतल व प्रथम तल पर निर्मित मकान में दो साल पूर्व काम कराया। जमीन व मकान का नामांतरण सहित अन्य दस्तावेज भी है और 6 सितंबर को पता चला कि रवि शर्मा, सचिन यादव और संतोष उर्फ संतू परौहा (एडवोकेट) ने साथियों के साथ मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। पीडि़त के मौके पर धमकी भी दी गई।

पीडि़त दीपक कुमार नगरिया की शिकायत को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और एसपी सुनील जैन ने गंभीरता से लिया। कार्रवाई के निर्देश दिए। मंगलवार को एसडीएम बलबीर रमण के नेतृत्व में राजस्व, नगर निगम और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पीडि़त परिवार की कीमती जमीन व मकान का कब्जा हटवाया और संबंधित को मकान की चाबी सौंपी।

इस संबंध मेंं कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताते हैं कि शासकीय भूमि और लोगों की निजी भूमि पर दबंगता दिखाते हुए कब्जा करने वाले भू-माफिया के खिलाफ प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समय-समय पर भू-माफियाओं पर कार्रवाई के लिए कड़े निर्देश देते रहे हैं। ऐसे ही शहर के मुख्य मार्ग बरगवां में एक परिवार के लगभग एक करोड़ कीमत के मकान व जमीन पर कुछ दबंगों ने ताला तोड़कर कब्जा कर लिया था। शिकायत मिलने पर कब्जा हटवाने की कार्रवाई की गई।

Published on:
22 Sept 2021 05:18 pm
Also Read
View All