
कटनी. मानसून सक्रिय होने के साथ ही जिलेभर में लगातार दो दिन से भारी बारिश हो रही है। रविवार को 40.3 इंच बारिश रिकार्ड की गई। बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार सुबह से ही भारी बारिश के बाद कई गांव में बाढ जैसे हालात निर्मित हो गए। नदी नाले उफान पर हैं और ग्रामीण मुसीबत में दिख रहे हैं। खासबात यह है कि बाढ़ से परेशान ग्रामीण मुसीबत की सूचना तक जिला प्रशासन तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। कारण जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई बाढ़ राहत का नंबर बंद है। 07622 221266 पर फोन लगाने पर कम्प्यूटर मैसेज आउट ऑफ आर्डर आ रहा है।
बारिश के बाद जिले के ढीमरखेड़ा ब्लॉक में हिरन नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर सामान्य से उपर बह रहा है। विजयराघवगढ़ व बड़वारा ब्लॉक की नदियां भी उफान है। भारी बारिश से परेशान ग्रामीणों ने बताया कि समस्या इस बात की है कि बाढ़ से बचने के लिए अगर जिला मुख्यालय तक सूचना देनी हो कैसे दे पाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा दिया गया नंबर बंद आ रहा है।
बड़ी बात यह है कि इस मामले को लेकर बाढ़ राहत कंट्रोल रुम के प्रभारी भी गंभीर नहीं दिखे। एसएलआर मायाराम कोल ने बताया कि गांव में बाढ़ व दूसरी अप्रिय स्थिति निर्मित होने पर पर ग्रामीण स्थानीय अधिकारियों के नंबर पर सूचना दे सकते हैं। यह बात सही है कि कंट्रोल रुम का नंबर बंद है। इसे जल्द सुधरवाने का प्रयास किया जाएगा। बतादें कि जनसंपर्क विभाग द्वारा बाढ़ राहत कंट्रोल रुम की स्थापना और उसका टेलीफोन नंबर किया गया है। सूचना जारी हुए सात दिन से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी कंट्रोल रुम का नंबर नहीं सुधरवाए जाने को बड़ी लापरवाही मानी जा रही है।
-कट्रोल रुम का नंबर बंद है तो यह गंभीर बात है। हम जल्द ही इस सुधरवाते हैं। मैं बात करता हूं कि प्रभारी द्वारा इस मामले में लापरवाही क्यों बरती गई।
केवीएस चौधरी कलेक्टर