कटनी

दोनों परिवारों को मंजूर नहीं था युवक-युवती का प्यार और शादी, ट्रेन के सामने कूदकर दे दी जान

ट्रेन के सामने कूदे प्रेमी-प्रेमिका, दोनों की मौत, कटनी-शहडोल रेलखंड पर झलवारा व रूपौंद के बीच घटना, बड़वारा पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी।
2 min read
• •
May 08, 2021
News
दोनों परिवारों को मंजूर नहीं था युवक-युवती का प्यार और शादी, ट्रेन के सामने कूदकर दे दी जान

कटनी। जबलपुर-कटनी रेलखंड पर डूंडी स्टेशन के करीब कुछ दिनों पहले ट्रेन के सामने कूदकर प्रेमी युगल की आत्महत्या के मामला लोग अभी भूले भी नहीं थे कि, ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना कटनी-शहडोल रेलखंड के झलवारा व रूपौंद स्टेशन के बीच घट गई है। यहां भी एक प्रेमी युगल ने ट्रेन के सामने आकर आत्म हत्या कर ली। पुलिस ने शवों का परीक्षण कर मर्ग कायम करते हुए मामले की जांच शुरु कर दी है।


परिवार नहीं माने तो मरकर किया प्यार को अमर

इस संबंध में बड़वारा थाना प्रभारी रोहित डोगरे ने बताया कि, बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम नंहवारा सेझा निवासी 22 वर्षीय सुनील सिंह पिता मजबूत सिंह गौंड के गांव की ही 18 वर्षीय सुधा पिता राजेंद्र कोल से प्रेम संबंध थे। दोनों आपस में शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों परिवारों को उनका ये रिश्ता मंजूर नहीं था। बताया जाता है कि, प्रेम प्रसंग में असफल होने के बाद दोनों ने एक साथ जान देने फैसला किया और शुक्रवार की रात को कटनी-शहडोल रेलखंड पर झलवारा और रूपौंद स्टेशन के बीच रेललाइन पर ट्रेन के सामने कूदकर एक साथ जान दे दी।


गेटमैन ने दी सूचना

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के सामने कूदकर प्रेमी युगल को आत्महत्या करते गेटमैन गुलाब बर्मन ने देखा था। उन्होंने तुरंत ही इस संबंध में बड़वारा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमीयुगल के ट्रेन से कटे हुए क्षतविक्षत शवों अपने अधिकार में लेते हुए पीएम के लिए बड़वारा अस्पताल भेज दिया। जहां से शनिवार को दोनों शव उनके परिवारों को अंतिम संस्कार के लिये सौंप दिये गए।


मर्ग कायम जांच जारी-थाना प्रभारी

बड़वारा थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि युवक-युवती का पोस्टमार्टम कराते हुए मर्ग कायम किया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच में मिले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगें कार्रवाई की जाएगी।

कोरोना वैक्सीन से जुड़े हर सवाल का जवाब - जानें इस वीडियो में

Updated on:
08 May 2021 10:35 pm
Published on:
08 May 2021 10:35 pm