कटनी

महिला के पेट में डॉक्टर ने तोड़ी इंजेक्शन नीडल, हालत नाजुक, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

Community Health centre: एक महिला इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थी, लेकिन वहां जो हुआ उसने सबको चौंका दिया। आरोप है कि डॉक्टर ने उसके पेट में नीडल तोड़ दी।

2 min read
Jun 02, 2025
मरीज महिला के पेट में डॉक्टर ने तोड़ी इंजेक्शन नीडल (फोटो सोर्स- AI)

Community Health centre: मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने चिकित्सा जगत को शर्मसार कर दिया है। यहां उपचार के लिए आई एक महिला के साथ कथित तौर पर बेरहमी की गई, जहां एक डॉक्टर द्वारा महिला के पेट में खाली इंजेक्शन की निडल तोड़ दी गई। पीड़ित महिला की हालत बिगड़ने के बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम ऑपरेशन कर पेट में टूटी नीडल को निकालने में जुटे रहे, लेकिन सुधार न होने पर जबलपुर रेफर किया गया है।

बेहोश हुई पत्नी तो लाया अस्पताल, डॉक्टर ने तोड़ दी नीडल

जानकारी के अनुसार कंचन दुबे पति शुभम दुबे (२२) करेला निवासी हैं। महिला के पति शुभम दुबे ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि बीते दिन उनकी पत्नी कंचन अचानक बेहोश हो गई थीं। जिसके बाद वे तत्काल उसे बरही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे, ताकि उसे उचित चिकित्सा सहायता मिल सके। शुभम दुबे के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉ. राममणि पटेल द्वारा उनकी पत्नी का उपचार किया जा रहा था। इसी दौरान, डॉ. पटेल ने कथित तौर पर उनकी पत्नी के शरीर के कई हिस्सों पर खाली इंजेक्शन की निडल चुभाई। आरोप है कि इसी प्रक्रिया के दौरान एक निडल उनकी पत्नी के पेट के अंदर ही टूट गई।

पति ने लगाया आरोप तो डॉक्टर ने किया खारिज

पीड़ित महिला के पति ने बताया कि जब उन्होंने इस घटना का विरोध किया, तो डॉक्टर राममणि पटेल ने डिल टूटने की बात को सिरे से नकार दिया। हालांकि, इसके बाद महिला की तबीयत और बिगड़ने लगी, जिसके कारण परिजनों को उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला के पेट में टूटी हुई 4 इंच निडल की पुष्टि की, जिसके बाद तत्काल ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी गई।

डॉक्टर ने दी सफाई

डॉ. राममणि पटेल ने कहा कि महिला बेहोशी की हालत में अस्पताल आई थी। उनका विधिवत प्राथमिक रूप से उपचार किया गया था। उपचार के बाद उनकी हालत भी ठीक थी। रात में परिजन सोनोग्रॉफी व एक्सरे कराने आदि के लिए लेकर चले गए थे। परिजनों का आरोप निराधार है। इस पर श्री हॉस्पिटल के डॉ. दीपक सक्सेना ने कहा कि महिला हमारे पास आई थी। निडल फंसी हुई थी। महिला को ब्रेन से संबंधित भी समस्या है। इस वजह से उसे मेडिकल हॉस्पिटल जबलपुर रेफर किया गया है।

Updated on:
02 Jun 2025 05:39 pm
Published on:
02 Jun 2025 05:16 pm
Also Read
View All

अगली खबर