कटनी

गिरफ़्तार होंगी या मिलेगी राहत! सीएसपी नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत पर आज आ सकता है फैसला

Former CSP Neha Pacchisia : मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई के बाद फैसला संभव: सीएसपी की अग्रिम जमानत पर सोमवार को भी नहीं हो सकी सुनवाई
2 min read
• •
Aug 25, 2026
Former CSP Neha Pachisia :
फरार पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर 10 हजार का इनाम -image नेहा पचीसिया source - neha pachisia instagram

Neha Pacchisia : कटनी की तत्कालीन सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर गिरफ़्तारी की तलवार लटकी हुई है। आरोपी को कथित तौर पर राहत दिलाने के लिए हुई सौदेबाजी के मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ है। नेहा पच्चीसिया तभी से फरार हैं, पुलिस उनकी पीछे लगी है। वे गिरफ़्तारी से बचने के लिए कोर्ट की शरण ले चुकी हैं। नेहा पच्चीसिया और उनके करीबी बताए जा रहे क्षितिजराज बारापात्रे अग्रिम जमानत याचिका लगा चुके हैं। इस पर सोमवार को भी सुनवाई नहीं हो सकी। पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया के अग्रिम जमानत आवेदन पर आज सुनवाई हो सकती है।

नेहा पच्चीसिया मामले में एसआईटी जांच महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गई है। सोमवार को जबलपुर से आई एसआईटी ने जिला जेल में बंद आरोपी आकाश लोधी और रमेश लोधी के बयान दर्ज किए। दोनों के बयान महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

आकाश और रमेश प्रकरण में जेल में बंद हैं और घटनाक्रम के शुरुआती चरण से जुड़े हैं। एसआईटी ने उनसे पुलिस कार्रवाई, आरोपियों को मिली राहत, जमीन के कथित सौदे और संपर्क की जानकारी जुटाई है। दोनों के बयानों का मिलान शिकायतों और पूर्व के बयानों से किया जाएगा। यदि पूछताछ में किसी नए व्यक्ति, मुलाकात, बातचीत या लेनदेन का उल्लेख सामने आता है तो एसआईटी उस दिशा में भी जांच आगे बढ़ा सकती है।

गवाहों की फिर होगी पड़ताल

जेल में पूछताछ के बाद एसआईटी, अब प्रकरण से जुड़े गवाहों को दोबारा बुलाने की तैयारी में है। जिन लोगों के बयान पहले दर्ज किए जा चुके हैं, उनसे घटनाक्रम के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दोबारा सवाल किए जाएंगे। जांच टीम खासतौर पर यह देखेगी कि जमीन के सौदे, नामांतरण, भुगतान और प्रकरण की पुलिस कार्रवाई के संबंध में अलग-अलग लोगों के बयान आपस में कितने मेल खाते हैं।

सीएसपी की अग्रिम जमानत पर भी नहीं हो सकी सुनवाई

इधर सीएसपी नेहा पच्चीसिया गिरफ़्तारी से बचने की हरसंभव कोशिश कर रही हैं। वे पहले ही अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दे चुकी हैं। नेहा पच्चीसिया के आवेदन पर शनिवार के बाद सोमवार को भी सुनवाई नहीं हो सकी। मंगलवार यानि आज उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। कोर्ट इस पर फैसला सुना सकती है।

कटनी में जेल में बंद आरोपियों की ओर से अधिवक्ता अविनीश तिवारी मेमो के जरिए न्यायालय में पेश हुए और प्रकरण में अपना पक्ष रखने की अनुमति मांगी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को आरोपियों नेहा पच्चीसिया और क्षितिज की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होगी।

Updated on:
25 Aug 2026 09:38 am
Published on:
25 Aug 2026 07:37 am