कटनी

देवरीहटाई में आंत्रशोथ: अभी भी उल्टी-दस्त से नहीं राहत, तीन नए केस आए सामने

31 जुलाई से है गंभीर समस्या, अब तक 52 मरीज, 9 गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रेफर, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

2 min read
Aug 07, 2025
Gastroenteritis disease spread in Katni

कटनी. देवरीहटाई गांव में आंत्रशोथ (उल्टी-दस्त) की बीमारी फैल रही है, जिससे गांव में दहशत और हड़स्रड्डद्ब की स्थिति बन गई है। 31 जुलाई से 6 अगस्त तक 52 मरीजों की पुष्टि हुई है, जिनमें से 9 मरीजों को गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय कटनी रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर काम कर रहा है और लगातार ग्राम में मेडिकल कैंप और निगरानी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार देवरीहटाई गांव की जनसंख्या 3575 और मकान की संख्या 750 है। बीमारी की प्रथम सूचना 31 जुलाई की रात आशा कार्यकर्ता और एएनएम द्वारा दी गई थी। उसी रात 5 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेजा गया। देवरीहटाई गांव में फैली यह बीमारी अब चिंता का विषय बन चुकी है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता और टीमों की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। यदि सतर्कता बरकरार रखी गई, तो जल्द ही इस बीमारी पर पूरी तरह काबू पाया जा सकता है।

लगातार सामने आते गए मरीज

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 1 अगस्त को डॉ. सुनील त्रिपाठी के नेतृत्व में ब्लॉक एवं सेक्टर स्तरीय टीम ने गांव का भ्रमण किया। 10 मरीजों का उपचार किया गया। साफ पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई। 2 अगस्त को जिला स्तरीय टीम (एपिडेमियोलॉजिस्ट और डाटा मैनेजर आइडीएसपी शाखा द्वारा निरीक्षण। गया यहां पर 16 मरीजों का इलाज किया गया। 3 अगस्त को 13 मरीज पाए गए, जिनका स्थानीय उपचार किया गया। 3 मरीजों को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। 4 अगस्त को 3 नए मरीज सामने आए, जिन्हें गांव में ही उपचार प्रदान किया गया। 5 अगस्त को 5 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से 2 को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

नए केस आने से समस्या

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गांव में बुधवार को तीन नए केस सामने आ गए हैं, जिससे चिंता बढ़ गई है। गांव में 43 मरीज उपचाररत हैं। जिला चिकित्सालय रेफर मरीजों की संख्या 9 है। स्वास्थ्य टीम में एएनएम विनीता लाल उप स्वास्थ्य केंद्र देवरीहटाई, सेक्टर सुपरवाइजर अभय त्रिपाठी सेक्टर कौडिय़ा, आशा कार्यकर्ता तुलसा राय, रीना सिंह, रेखा राय निगरानी रखे हुए हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत सरपंच शिव कल्याण सिंह व समाजसेवी नितिन पांडेय संक्रमण नियंत्रण पर सक्रियता दिखा रहे हैं।

पानी सप्लाई से संक्रमण

अधिकारियों के अनुसार जल आपूर्ति स्रोत नल-जल योजना के कारण आंत्रशोथ फैला है, जिसकी सप्लाई बंद है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार घर-घर सर्वे, जल स्रोतों की जांच, ओआरएस वितरण, साफ-सफाई की अपील जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों से साफ पानी पीने, बाहर का खाना न खाने और बीमार पडऩे पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने कहा गया है।

वर्जन
देवरीहटाई में आंत्रशोथ की बीमारी नियंत्रण में है, हालांकि बुधवार को तीन नए केस सामने आए हैं। मरीजों की रिकवरी तेजी से हो रही है। टीम को पूरी तरह से अलर्ट रखा गया है, ताकि स्थिति ना बिगड़े।
डॉ. राज सिंह, सीएमएचओ।

Published on:
07 Aug 2025 07:43 am
Also Read
View All

अगली खबर