जिले की 820 महिलाओं का किया गया मेट के लिए चयन, मस्टर संधारण, कार्य की प्रगति रोजाना करेंगी दर्ज
कटनी. महिलाओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में जिले में प्रशासन द्वारा खास नवाचार शुरू किया जा रहा है। स्व सहायता समूहों के माध्यम को सशक्त करने, मनरेगा जैसे काम में सहभागिता सुनिश्चित कराते हुए आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मनरेगा मद के कार्यों की देखरेख और श्रमिकों के मस्टर का संधारण करने का कार्य अब समूह की महिलाएं भी देखेंगी। इसके लिए शक्तिों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिले के कुल मेटों की प्रतिशत संख्या अब राज्य आजीविका मिशन अंतर्गत गठित स्व सहायता समूह की महिला सदस्यों की होगी।
महात्मा गांधी नरेगा के कार्यों में अभी तक मस्टर का संधारण, ग्राम पंचायत में चल रहे कामों की प्रगति आदि दर्ज करने का कार्य अधिकांश स्थानों पर पुरूष ही करते थे। राज्य सरकार ने अब इस काम के लिए जिले में स्वीकृत कुल मेट में से 50 प्रतिशत मेट समूह की महिलाओं को बनाने का निर्णय लिया है, ताकि महिलाएं सशक्त हो सकें। आजीविका मिशन द्वारा गठित किए समूहों की 820 सदस्यों का चयन मेट के लिए किया गया है। एक दिवसीय प्रशिक्षण अधिकारियों द्वारा प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं अपनी-अपनी ग्राम पंचायत में चल रहे मनरेगा के कार्य में मेट के रूप में काम करेंगी और कितने मजदूर काम कर रहे हैं, इसके लिए मस्टर रोल का संधारण करेंगी। मनरेगा के तहत का कर रही एजेंसी और इंजीनियर का रोजाना समय पर कार्य स्थल पर पहुंचना भी मुश्किल होता है, ऐसे में महिलाएं प्रतिदिन इस बात को भी देखेंगी कि स्थल पर कितना कार्य हुआ, जिसकी जानकारी वे एजेंसी या इंजीनियर को देंगी।
पंचायतों के आधार पर किया गया चयन
जिले के छह विकासखंडों की ग्राम पंचायतों की संख्या के आधार पर महिला मेटों का चयन किया गया है। जिसमें बड़वारा विकासखंड की 66 ग्राम पंचायतों के लिए 132, बहोरीबंद की 79 पंचायतों से 156, ढीमरखेड़ा की 73 ग्राम पंचायतों में से 146, कटनी विकासखंड की 59 पंचायतों में से 118, रीठी की 56 ग्राम पंचायतों में 120 और विजयराघवगढ़ की 74 ग्राम पंचायतों में से 148 महिलाओं का चयन मेट के रूप में किया गया है। सोमवार को बड़वारा और बहोरीबंद विकासखण्डों में सोमवार को प्रशिक्षण का आयोजन हुआ। जिसमें बड़वारा विकासखण्ड अंतर्गत चयनित 132 महिला मेटों और बहोरीबंद विकासखण्ड में 156 चयनित मेटों का प्रशिक्षण दिया गया। ढीमरखेड़ा विकासखण्ड कटनी में 21, 22 सितम्बर को रीठी और विजयराघवगढ़ में प्रशिक्षण होगा।