कटनी

दुकान में जिंदा जला शख्स, लोगों ने देखा खौफनाक मंजर, मचा हड़कंप

mp news: सडक़ पर शव रखकर परिजनों ने किया चक्काजाम, हत्या का लगाया आरोप। जलते व्यक्ति का वीडियो वायरल।

2 min read
Apr 26, 2026
Man Burned Alive in Shop Onlookers Witness Horrific Scene mp news
Man Burned Alive in Shop Onlookers Witness Horrific Scene (फोटो- Patrika.com)

mp news: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां आग लगी दुकान में एक 52 साल का शख्स जिंदा जल गया। हैरानी वाली बात ये है कि शख्स को जलते हुए आने जाने वाले लोगों ने भी देखा जिससे इलाके में दशहत मच गई। बता दें कि, जलते व्यक्ति का वीडियो भी वायरल हुआ है। हालांकि, इस रिपोर्ट में वीडियो नहीं दिखाया जा सकता क्योंकि यह पाठकों को परेशान कर सकता है। परिजनों ने इस मामले को अनहोनी नहीं बल्कि हत्या का माना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद फैसला आक्रोश

मामला जिले के कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम कछगवां (जोवा) का है। यहां 52 वर्षीय प्रौढ़ के जिंदा जल जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शव को सडक़ पर रखकर कैमोर रोड पर चक्का जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। मृतक की पहचान रघुनाथ पटेल पिता जगदीश पटेल के रूप में हुई है, जो ग्राम पंचायत की दुकानों में कबाड़ का काम करते थे।

जिंदा जलते व्यक्ति का वीडियो वायरल

परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे जब उनका बेटा पंकज दुकान पहुंचा तो दुकान में आग लगी हुई थी और रघुनाथ अंदर झुलसी हालत में पड़े थे। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति जलता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश और बढ़ गया।

पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला

मृतक के परिजनों ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि गांव के ही तेजी लाल चौधरी से पुराना विवाद चल रहा था और उसी के चलते यह वारदात की गई। परिजनों का कहना है कि एक दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और पुलिस को सूचना भी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

किया चक्काजाम, गिरफ्तारी की मांग

घटना से नाराज ग्रामीणों ने रविवार शाम पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्का जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत और आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया। थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आग लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
26 Apr 2026 08:09 pm