18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सड़क पर लहूलुहान पड़े बुजुर्ग को एमपी के मंत्री ने खुद अपने हाथों से उठाकर पहुंचाया अस्पताल

Minister Nagarsingh Chauhan- मंत्री नागरसिंह चौहान ने कटनी में बुजुर्ग को पहुंचाया अस्पताल, हाथों से उठाकर वाहन में लेटाया

2 min read
Google source verification

कटनी

image

deepak deewan

Jun 18, 2026

Minister Nagarsingh Chauhan rushed an elderly person to the hospital in Katni

Minister Nagarsingh Chauhan - Photo Source- Patrika

Nagarsingh Chauhan - कटनी में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बड़वारा थाना क्षेत्र के गुड़ा मोड़ के पास स्कूटी सवार 58 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया। खास बात यह है कि इसी दौरान वहां से गुजर रहे मध्यप्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान Nagarsingh Chauhan ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने न केवल अपना काफिला रुकवाया बल्कि बुरी तरह घायल बुजुर्ग को खुद अपने हाथों से उठाया और एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपने वाहन से अस्पताल भी पहुंचाया। हालां​कि बुजुर्ग की जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हिट एंड रन के इस केस में अब पुलिस अपनी कार्यवाही में लग गई है। बड़वारा टीआइ ने बताया कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण बुजुर्ग की मौत हुई

मंत्री रुके और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कवायद की

जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार बुजुर्ग को एक तेज स्पीड अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोग सहायता का प्रयास कर ही रहे थे कि उसी समय कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान का काफिला वहां से गुजरा। मंत्री रुके और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कवायद की।

अन्य लोगों की मदद से घायल को अपने हाथों से उठाकर गाड़ी में लेटा दिया

सड़क पर पड़े बुजुर्ग को देख उमरिया से कटनी जा रहे कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने अपना काफिला रुकवाया। वे कार से निकले और अन्य लोगों की मदद से घायल को अपने हाथों से उठाकर अपनी पायलटिंग गाड़ी में लेटा दिया। एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी सुरक्षा में लगी पायलटिंग गाड़ी से बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा भेज दिया।

बड़वारा टीआइ केके पटेल ने बताया कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौत हुई

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उमरिया जिले के चंदिया निवासी परमेश्वर दत्त चतुर्वेदी के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बड़वारा टीआइ केके पटेल ने बताया कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण बुजुर्ग की मौत हुई। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।