MP News: मध्यप्रदेश के कटनी जिले में एक तेंदुआ खेत की फेंसिग में फंस गया। जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
MP News: मध्यप्रदेश के कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम दरौडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक खेत की लोहे की फेंसिंग तार में तेंदुआ फंसा हुआ देखा गया। तेंदुए के खेत में फंसे होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए गांव में दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को तुरंत जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, खेत की चारों ओर लगी लोहे की फेंसिंग तार में तेंदुआ बुरी तरह उलझ गया, जिसके चलते वह निकल नहीं पा रहा था। तार में फंसे होने के कारण तेंदुए के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है। तेंदुए की हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए ग्रामीणों को घटनास्थल के पास जाने से सख्ती से रोका गया है। वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।
वन अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेष रेस्क्यू टीम को भी बुलाया है। बताया गया है कि विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम के मौके पर पहुंचते ही तेंदुए को सुरक्षित तरीके से फेंसिंग तार से मुक्त किया जाएगा। इसके बाद पशु चिकित्सकों द्वारा तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण और प्राथमिक उपचार किया जाएगा।
प्राथमिक उपचार के बाद तेंदुए को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़े जाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल ग्राम दरौडी सहित आसपास के गांवों में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है।