MP News: इंद्रानगर में डीजे विवाद से बढ़ा तनाव, कार्यक्रम स्थल में बाराती-घराती और पुलिस आए आमने-सामने, रातभर चला ड्रामा, जिला अस्पताल में भी हंगामा।
MP News: मध्यप्रदेश के कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में सोमवार देर रात एक शादी समारोह उस समय हिंसक हो गया, जब डीजे की आवाज को लेकर हुए विवाद में पुलिस और बारातियों-घरातियों के बीच टकराव हो गया। हालात इतने बिगड़े कि एक पक्ष ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने भी बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले में दो सब इंस्पेक्टर को लाइन अटैच कर जांच के आदेश दिए हैं।
इंद्रानगर निवासी राहुल चौधरी की बहन का विवाह समारोह आयोजित था, जिसमें मैहर जिले के अमदरा से बारात आई थी। रात करीब 1 बजे बारात पहुंची और देर रात डीजे व बाजों के साथ बारात निकाली जा रही थी। तेज आवाज में गाने बजाने का स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो बारातियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। विवाद की शिकायत मिलने पर कुठला पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इस दौरान कुछ बाराती पुलिस से उलझ गए और अभद्रता करने लगे। एक आरक्षक के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट कर दी गई। सब इंस्पेक्टर को भी भीड़ ने खदेड़ दिया। पहले चरण में पुलिस ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया और वापस लौट गई, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा विवाद की सूचना मिलने पर अतिरिक्त बल के साथ पुलिस कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस को देखते ही बारातियों और घरातियों ने पथराव शुरू कर दिया। इसके जवाब में पुलिस ने खुद को बचाने के लिए लाठियां चलाईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
विवाद के दौरान पुलिस ने दुल्हन के भाई सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर कुठला थाने पहुंचाया। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन भी थाने पहुंच गए। पुलिस ने इंद्रानगर निवासी साहिल खान की शिकायत पर राहुल चौधरी, आकाश चौधरी सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में बारातियों और घरातियों पर भी प्रकरण कायम किया गया है।
घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए, जिन्हें रात करीब 3 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में भागवती चौधरी (50) इंद्रा नगर, सुमन बाई चौधरी (40) गुन्नौर पन्ना, संजय चौधरी (38) शाहनगर पन्ना, अजय चौधरी (23) अमदरा मैहर, राजकुमार चौधरी (55), मनोज कुमार चौधरी (25) बडेरा बड़वारा, आकाश चौधरी (25) निवासी इंद्रानगर शामिल हैं, जो दूल्हा और दुल्हन के रिश्तेदार हैं। घायलों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामूली विवाद पर महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट की, साथ ही कुछ बाहरी लोग भी पुलिस के साथ शामिल थे। अस्पताल में दुल्हन भी मौजूद रही। हालांकि सुबह करीब 4 बजे पुन: विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
घटना का वीडियो सामने आने और प्रथम दृष्टया अनुचित आचरण पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने उप निरीक्षक सौरभ सोनी और सिद्धार्थ राय को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। परिजनों ने मंगलवार दोपहर एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना में किसकी कितनी जिम्मेदारी है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि इंद्रानगर में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसके जवाब में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया है। एक पक्ष ने पुलिस पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। प्रथम दृष्टया अनुचित आचरण पाए जाने पर दो उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।