कटनी

Katni News: निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया को झटका, अग्रिम जमानत याचिका खारिज, 10 हजार रुपये का इनाम घोषित

Neha Pachisia Bail Plea: नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत याचिका एडीजे कोर्ट में खारिज, फरार नेहा पच्चीसिया व अन्य आरोपियों पर पुलिस ने घोषित किया है 10-10 हजार का रुपये का इनाम।
2 min read
Aug 29, 2026
Neha Pachisia
neha pachisia anticipatory bail plea rejected, नेहा पच्चीसिया की पुरानी तस्वीरें (Source- Neha Pachisia Facebook page)

Katni Neha Pachisia Bail Plea: मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बहुचर्चित जमीन सौदे व पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के मामले में मुख्य आरोपी निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए एडीजे कोर्ट ने याचिका निरस्त कर दी है। बता दें कि मामला सामने आने के बाद से नेहा पच्चीसिया व उनके अन्य साथी फरार हैं जिन पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

अग्रिम जमानत याचिका निरस्त

फरार चल रही निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। इस पर पहले 25 अगस्त को कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई थी लेकिन कोई फैसला नहीं हुआ था। तब कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 29 अगस्त की तारीख दी थी। आज 29 अगस्त को एडीजे कोर्ट में मामले पर सुनवाई हुई और कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर दी।

नेहा पच्चीसिया सहित 3 आरोपी फरार

मामले में निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के साथ ही उनका फाइनेंसर क्षितिज राज बारापात्रे और कागजी खरीददार मारूफ अहमद हनफी आरोपी हैं। मामला दर्ज होने के बाद से ये तीनों आरोपी फरार हैं और पुलिस इनकी तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है जिसकी जांच जारी है।

ये है पूरा मामला

इस मामले की शुरुआत एक हत्या के आरोपी से जुड़ी हुई है। आरोप है कि आरोपी को कथित तौर पर लाभ पहुंचाने के लिए पद का दुरुपयोग करते हुए नेहा पच्चीसिया ने 90 दिनों तक अदालत में चार्जशीट पेश नहीं होने दी। इसके कारण आरोपी को जमानत मिल गई। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी की इस मदद के बदले उसकी करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपये की कीमती जमीन को नेहा पच्चीसिया ने अपने करीबियों के नाम पर कथित तौर पर काफी कम दाम करीब 18 लाख रुपये में खरीद लिया।

Updated on:
29 Aug 2026 08:16 pm
Published on:
29 Aug 2026 08:16 pm