पार्टी की रणनीति बताते-बताते बदल गईं शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष
कटनी. कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में कई बदलाव करने जा रही है। सोमवार को रीठी ब्लॉक के भरतपुर में आयोजित होने वाली महिलाओं की सभा में शामिल होने से पहले महासचिव भारतीय महिला कांग्रेस ओनिका मल्होत्रा और मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मांडवी चौहान ने कटनी में कटनी में पत्रकारों से चर्चा में बताया कि कांग्रेस पार्टी के महिला कार्यकर्ता अब घर-घर लोगों से मिलेंगी और उन्हे पार्टी की विचारधारा से अवगत कराएंगी। खासबात यह है कि कांग्रेस पार्टी की बदली रणनीति से विरोधी मुश्किल में पड़ सकते हैं। पार्टी अब बड़े सभा आयोजन के बजाए घर-घर जाकर पार्टी की रीति नीतियों से अवगत कराने के साथ ही विरोधी पार्टियों की विफलता से सीधे जनता को रुबरु कराएगी। बदली रणनीति में केंद्र और राज्य की सरकार में करनी और कथनी में अंतर की बात भी बताई जाएगी। पत्रकारवार्ता के समापन पर मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मांडवी चौहान ने बताया कि रजनी सोनी जो कि शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष थी उन्हे अब जनरल सेकेटरी प्रदेश महिला कांग्रेस की कमान सौंपी गई है। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष अब सुषमा शिवहरे होंगी। खासबात यह है कि मांडवी चौहान के इस बयान के शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हलचल तेज हो गई। कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस बात की पुष्टि के लिए पत्रकारों से जानकारी लिए।
रीठी ब्लॉक के भरतपुर में आयोजित कार्यक्रम में महासचिव ओनिका मल्होत्रा ने कहा-
महिलाओं पर लगातार अत्याचार बढ़ा, अंकुश लगाने में सरकार नाकाम
- देश में लगातार महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है। आकड़ों के अनुसार तो मध्यप्रदेश में महिलाओं पर अधिक अत्याचार बढ़ा है। अंकुश लगाने में भाजपा सरकार नाकाम साबित हुई है। उक्त बातें बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के भरतपुर गांव मेंं कार्यकर्ताओं को संबोंधित करते हुए भारतीय महिला कांग्रेस ओनिका मल्होत्रा ने कही। उन्होंने कहा कि आमजन को इस पर गंभीरता से विचार करनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मांडवी चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश महिला उत्पीडऩ में नम्बर वन पर है, प्रदेश की भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान और दुखी है। बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने कहा है कि देश प्रदेश में निरंतर महिलाओं पर अत्याचार बढ रहा है। नोटबंदी के बाद से लेकर आज तक लोगों के सामने समस्या पर समस्या आ रही है, लेकिन सरकार का कोई ध्यान नहीं है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।