कटनी

बिजली का खंभा खड़ा करने में बरती लापरवाही, हुआ ये …

तार में गिरा बिजली का पोल, चार को लगा करंट, कुठला थाना के चाका की घटना, प्राइवेट ठेकेदार करा रहा था काम
2 min read
• •
Updated: 6 Aug 2019, 12:29 PM IST
Employees taking risks of life
Employees taking risks of life

कटनी. शहर में बिजली विभाग के प्राइवेट ठेकेदारों लापरवाही पूर्वक कराए जा रहे काम से आए दिन मजदूर घायल हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कुठला थाना क्षेत्र का आया है, जिसमें पोल खड़े करने के दौरान खंभा लापरवाही से बगल से गुजरी हाइटेंशन तार पर जा गिरा और चार मजदूरों को करंट लग गया। मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई। बताया जाता है कि प्राइवेट ठेकेदार द्वारा चाका में शनिवार की शाम को खंभे लगाने का काम कराया जा रहा था। जिसमें स्लीमनाबाद के पड़वार निवासी गंगाराम दाहिया पिता काशीराम 40 वर्ष, प्रकाश परिहार पिता जुगराज 38 वर्ष, चैपू पिता सुख्खू आदिवासी 25 वर्ष के साथ अन्य लोग काम कर रहे थे। देर शाम काम के दौरान ही बिजली का सीमेंट का पोल हाइटेंशन तार पर गिर गया। जिसमें तीनों मजदूरों के साथ ही एक सुपरवाइजर को भी करंट लगा।

आनन-फानन में ठेकेदार ने सभी जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई। मामले को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जानकारी लगने पर कुठला पुलिस को मौखिक सूचना दी गई है। साथ ही ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कार्यपालन यंत्री शहर प्रशांत वैद्य ने बताया कि लापरवाही के मामले में अमित यादव नाम के ठेकेदार का नाम सामने आ रहा है लेकिन काम उनका ही था, इस बात की पुष्टि की जा रही है। दूसरी ओर ठेकेदार द्वारा चुपचाप से मजदूरों को भर्ती कराने को लेकर दिनभर शहर में चर्चा रहीं। शनिवार को ही तेवरी गांव में काम के दौरान ठेकेदार का कर्मचारी लवलेन्द्र साहू भी करंट लगने से पोल से गिर गया था और उसे हालत गंभीर होने पर जबलपुर इलाज के लिए भेजा गया है।

Published on: