
Katni Spa Center Raid: मध्यप्रदेश में एक बार फिर स्पा सेंटर पर रेड करते हुए पुलिस ने युवक-युवतियों को पकड़ा है। मामला कटनी के रंगनाथ थाना क्षेत्र के बरगवां का है। जहां रविवार को पुलिस ने दो स्पा सेंटरों पर बड़ी रेड कार्रवाई की है। पुलिस को इन सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों स्पा सेंटर से 5 युवकों और 10 युवतियों को हिरासत में लिया है।
शहर के बरगवां में संचालित स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियां होने की सूचनाएं पुलिस की मिली थीं। इनके आधार पर पुलिस ने रविवार शाम को दो स्पा सेंटरों पर छापे मारे। नेचुरल थाई स्पा सेंटर पर जब पुलिस ने रेड मारी तो वहां अफरातफरी मच गई। स्पा सेंटर में मौजूद युवक-युवतियां भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पुलिस ने यहां से पांच युवक और पांच युवतियों को पकड़ा है। वहीं दूसरे आवा स्पा सेंटर पर छापे के दौरान 5 युवतियां पकड़ी गई हैं। पकड़े गए युवक-युवतियों को पुलिस थाने लेकर पहुंची है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस को मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है।
देखें वीडियो-
स्पा सेंटर से पकड़ाए 5 युवकों और 10 युवतियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। युवतियां मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों के साथ ही नार्थ ईस्ट और हरियाणा की रहने वाली हैं। पुलिस इन युवक-युवतियों से ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्पा सेंटर में किस तरह की गतिविधियां संचालित हो रहीं थीं। इसके साथ ही इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसके बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि स्पा सेंटर को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। फिलहाल पूछताछ की जा रही है।