कटनी

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए फिर शुरू होगा प्रीपेड बूथ

पुलिस अधीक्षक ने डीआरएम को पत्र लिखकर सुविधा उपलब्ध कराने की मांग  
2 min read
• •
Updated: 12 Apr 2018, 9:00 AM IST
Prepaid booth will be launched for safety of passengers
Prepaid booth will be launched for safety of passengers

कटनी. मुख्य रेलवे स्टेशन में एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्री-पेड बूथ का संचालन किया जाएगा। सड़क सुरक्षा समिति में लिए गए निर्णय का हवाला देते हुए पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह ने डीआरएम जबलपुर डॉ. मनोज सिंह को पत्र लिखकर प्लेटफार्म क्रमांक १ के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में प्री-पेड बूथ की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि बूथ शुरू होने से आटो चालकों द्वारा यात्रियों की किराये के रूप में की जा रही मनमानी वसूली बंद होगी और रात के समय अपराधों पर भी नियंत्रण लग सकेगा। एसपी के पत्र के बाद डीआरएम कार्यालय से भी बूथ को लेकर कवायद शुरू हो गई है। विदित हो कि मुख्य रेलवे स्टेशन में करीब ४ वर्ष पूर्व प्रीपेड बूथ शुरू किया गया था। कुछ दिनों तक तो व्यवस्था ठीक चली फिर यातायात विभाग में बल की कमी का हवाला देते हुए स्टॉफ तैनाती बंद कर दी गई। कुछ दिन बाद ही बूथ बंद हो गया और सर्कुलेटिंग एरिया में कबाड़ की तरह पड़ा रहा। असामाजिक तत्वों के जमघट के कारण बूथ को रेलवे ने हटवा दिया था।
इसलिए जरूरी है प्री-पेड बूथ
- स्टेशन में यात्रियों से मनमाने किराये की वसूली की जा रही है।
- सर्कुलेटिंग एरिया में असामाजिक तत्वों का जमघट होता है आटो चालक भी सवारी बैठाने के लिए खींचतान करते हैं।
- महिलाओं से छेड़छाड़ और यात्रियों से मारपीट के मामले भी सामने आ चुके हैं।
किराये के लेकर ये हो रही मनमानी
- शहर में दौड़ रही आटो में किराया सूची चस्पा नहीं है।
- स्टेशन व बस स्टैंड में भी किराये की जानकारी नहीं अंकित।
- किराया वसूली को लेकर जांच अभियान नहीं चलाया जाता।
किराया सूची के साथ ही चालक का नाम, पता, मोबाइल नंबर भी अंकित कराना था
- रूट के अनुसार जारी हो रहे परमिट पर नहीं दौड़ रहे आटो।

Published on: