कटनी

जब कटनी की सड़कें बनीं सेहत की पाठशाला, मैजिशियन का जादू देख दंग रह गए लोग

Rahagiri Day : माधवनगर की सड़कों पर उमड़े शहरवासी, योग-जुंबा से लेकर स्वच्छता अभियान तक लोगों ने खुलकर हिस्सा लिया। मैजिशियन ने जादू दिखाया तो हतप्रभ रह गए लोग। बेटी बचाव बेटी पढ़ाव का संदेश दिया गया।
2 min read
May 10, 2026
Rahagiri Day
सड़कें बनीं सेहत की पाठशाला, स्वच्छता का उत्सव और तनावमुक्त जीवन का संदेश (Photo Source- Input)

Rahagiri Day : रविवार की वो सुबह मध्य प्रदेश के कटनी शहरवासियों के लिए सिर्फ एक अवकाश नहीं, बल्कि ऊर्जा, उत्साह और जागरूकता का अनूठा उत्सव बन गई। आम दिनों में वाहनों की आवाजाही से गुलजार रहने वाला माधवनगर का बाबा माधव शाह चिकित्सालय मार्ग इस बार फिटनेस, मनोरंजन और स्वच्छता जनजागरूकता का केंद्र बन गया।

नगर निगम द्वारा आयोजित राहगीरी डे ने यह साबित कर दिया कि स्वस्थ शरीर, स्वच्छ वातावरण और सकारात्मक सोच मिलकर ही बेहतर समाज का निर्माण करते हैं। सुबह की ताजी हवा के बीच जब बच्चे खेलते नजर आए, महिलाएं योग और जुंबा में थिरकीं, युवा साइकिलिंग करते दिखे और बुजुर्ग मुस्कुराते हुए गतिविधियों में शामिल हुए, तब पूरा माहौल किसी उत्सव से कम नहीं लग रहा था। सड़कें मानो सेहत शाला और स्वच्छता की पाठशाला में तब्दील हो गई थीं।

हुए कई कार्यक्रम

कार्यक्रम में महापौर प्रीति सूरी, निगमायुक्त तपस्या परिहार, एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, बीना संजू बैनर्जी, सुमन राजू माखीजा सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन को और भव्य बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग सत्र से हुई, जहां लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इसके बाद रस्साकशी, बोरा दौड़, नींबू-चम्मच दौड़, चेयर प्रतियोगिता, सांप-सीढ़ी, पिट्टू, कैरम, शतरंज और साइकिलिंग जैसी पारंपरिक व मनोरंजक गतिविधियों ने लोगों में उत्साह भर दिया।

जुम्बा क्लास रही खास

नेहा मोटवानी की टीम द्वारा प्रस्तुत जुंबा सेशन कार्यक्रम का आकर्षण बना रहा। संगीत की धुनों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने जमकर कदम थिरकाए। खास बात यह रही कि महापौर और निगमायुक्त ने भी स्वयं जुंबा और योग में भाग लेकर फिटनेस को जीवन का जरूरी हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

राहगीरी डे केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश भी दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी और अस्वच्छता से फैलने वाली बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इको ब्रिक्स स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना, जहां रोचक तरीके से बताया गया कि कचरे का सही उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में कैसे योगदान दिया जा सकता है। इस दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

मैजिक शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

प्रसिद्ध जादूगर एम. कुमार ने अपने रोमांचक मैजिक शो के जरिए स्वच्छता, बेटी बचाव, बेटी पढ़ाव, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं रस कला संगीत विद्यालय के बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने माहौल को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया। “ये चमक, ये धमक…” गीत पर बच्चों की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

स्वच्छता मित्रों और विजेताओं का हुआ सम्मान

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को स्वच्छता चैंपियन सैश पहनाकर और तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही शहर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता मित्रों का भी विशेष सम्मान किया गया। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि राहगीरी डे केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और स्वच्छ जीवनशैली को जनआंदोलन बनाने की पहल है। आने वाले समय में इसे शहर के अन्य वार्डों में भी आयोजित किया जाएगा।

Updated on:
10 May 2026 12:53 pm
Published on:
10 May 2026 12:50 pm