
कटनी. जिले में इन दिनों अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। हत्याएं, लूट, चेन स्नेचिंग, रेल यात्रियों से छिनैती और चाकूबाजी की घटनाएं बेखौफ अंदाज में अंजाम दी जा रही हैं। बीते दो से तीन महीनों में जिले में सात हत्याओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। खासकर 27 जुलाई को कोतवाली थाना क्षेत्र की चौपाटी में तीन नाबालिगों द्वारा तीन युवकों की चाकू मारकर की गई नृशंस हत्या ने पूरे शहर को दहला दिया। इसके बाद सिलसिलेवार चाकूबाजी की घटनाओं ने पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल उठाए। अब अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है, जिसमें चाकूबाजों की कुंडली तैयार की जा रही है और उन्हें लाल नोटिस थमाए जा रहे हैं।
पिछले दो वर्षों (2024 और 2025) में पुलिस की जांच में 705 चाकूबाजों की पहचान की गई है, जो विभिन्न छोटी से बड़ी आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। इनमें से कोतवाली थाना क्षेत्र में ही 125 बदमाश चाकूबाजी की घटनाओं में शामिल पाए गए हैं। 27 जुलाई को चौपाटी में हुई तिहरे हत्याकांड की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया, जिसमें तीन नाबालिगों ने पुराने विवाद के चलते तीन युवकों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई और एक को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया था। इस घटना के बाद चाकूबाजी की कई अन्य वारदातों ने पुलिस प्रशासन की चुनौतियों को और बढ़ा दिया।
अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस ने जिले भर के चाकूबाजों की सूची तैयार की है और उन्हें लाल नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है। अब तक 155 चाकूबाजों को नोटिस थमाया जा चुका है। रविवार को कोतवाली टीआई अजय सिंह ने कई बदमाशों को नोटिस देकर चेतावनी दी कि आगे अपराध करने पर कठोर कार्रवाई होगी। निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस थानों में बुलाकर अपराधियों को लाल नोटिस दिए जा रहे हैं, जिसमें उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों का ब्योरा दिया गया है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी जा रही है कि यदि वे भविष्य में किसी अपराध में शामिल पाए गए, तो धारा 122 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने पर विधि अनुसार जेल भेजने की कार्रवाई होगी। पुलिस ने आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान भी शुरू किया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के चौपाटी में 27 जुलाई की रात तीन किशोरों ने चाकूओं से गोदकर तीन युवकों की हत्या कर दी थी। आरोपियों ने गायत्री नगर निवासी रोशन सिंह पिता गुलाब सिंह (23), उत्कर्ष दुबे पिता राजा दुबे (22) गायत्रीनगर विनेश पिता शिवनारायण (23) की नृशंस हत्या कर दी गई है।
केस 02
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएमएचओ कार्यालय के समीप 4 अगस्त को हर्ष यादव पर आकाश विश्वकर्मा ने एक युवक के साथ मिलकर चाकू से जानलेवा मिला किया है। इसमें युवक की हालत गंभीर हो गई थी, इस घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
केस-03
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत 27 जुलाई को लाल ग्राउंड में एक किशोर पर तीन बदमाशों ने मिलकर चाकू से जानलेवा हमला किया था। इसमें किशोर को गंभीर चोट आई थी। इसी वारदात में शामिल एक किशोर ने उसी दिन चौपाटी में हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
वर्जन
अपराध नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ी हैं उसको लेकर पिछले दो सालों में 700 से अधिक चाकूबाज सामने आए हैं। इनकी सूची तैयार कर लाल नोटिस दिया जा रहा है। अब अपराध करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभिनय विश्वकर्मा, एसपी।