
election rivalry clash attempt to murder case against eight, क्षतिग्रस्त वाहन और गांव में तैनात पुलिस (Source- Patrika)
Katni Election Rivalry Clash: मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम कूड़ा-मर्दानगढ़ में पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने सरपंच के घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर दी और घर को घेर लिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को वज्र वाहन की मदद से सरपंच और उनके परिवार को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा। पूरे गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती करनी पड़ी।
गांव में रहने वाले राजकुमार लोधी और सरपंच पति शिवकुमार शर्मा के बीच पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। इस घटना में इंद्रपाल लोधी, अनार लोधी और जागेश्वर लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बाकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तनाव बढ़ता देख बहोरीबंद, स्लीमनाबाद, रीठी, कुठला, माधवनगर, उमरियापान, बिलहरी, सलैया चौकी सहित जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा भी देर रात गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। मामले में शामिल सभी आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को भी पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा और गलियों में केवल पुलिस की आवाजाही दिखाई दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मारपीट की घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सरपंच गिरजा बाई शर्मा, उनके पति शिवकुमार शर्मा और परिजनों के खिलाफ आक्रोशित हो गए। भीड़ ने सरपंच के घर को घेर लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि सरपंच पति ने बाहर से गुंडे बुलवाकर मारपीट कराई है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने वज्र वाहन को घर तक पहुंचाया और सुरक्षा घेरा बनाकर सरपंच, उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना के बाद उग्र भीड़ ने सरपंच के घर के बाहर खड़ी दो कार, एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर को निशाना बनाया। वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहनों का पंचनामा बनाया है। घटना के बाद गांव में गोली चलने की चर्चाएं भी फैल गईं, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक जांच में मारपीट से चोटें आने की बात सामने आई है।
पुलिस ने राजकुमार लोधी की शिकायत पर शिवकुमार शर्मा सहित आठ लोगों के खिलाफ धारा 307 (हत्या के प्रयास) सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर शिवकुमार शर्मा की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, तोडफ़ोड़ और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नामजद और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Updated on:
15 Jul 2026 10:28 pm
Published on:
15 Jul 2026 10:28 pm
