कटनी

दिनदहाड़े लूट: 65 वर्षीय इंजीनियर से रुपए छीने, पुलिस ने नहीं दर्ज की एफआइआर

सीसीटीवी में कैद वारदात, खिरहनी चौकी में पीडि़त ने की शिकायत

2 min read
Mar 23, 2026
लिफ्ट देकर युवक से लूट (फोटो सोर्स: एआई)

कटनी. शहर में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात युवक ने खुद को परिचित बताकर 65 वर्षीय सिविल इंजीनियर से साढ़े 12 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गया। घटना शनिवार 21 मार्च की शाम करीब 6.30 बजे नदी पुल स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार के पास हुई।
पीडि़त राजेंद्र कुमार निगम जबलपुर निवासी के अनुसार आरोपी पहले से काले रंग की पल्सर बाइक चालू हालत में खड़ा था। उसने पास आकर कहा मैं आपको जानता हूं और पैर छूकर विश्वास जीतने की कोशिश की। इसके बाद गले मिलने के बहाने जेब टटोली और अचानक हाथापाई कर उनकी पैंट की जेब से 500-500 के 24 नोट सहित करीब 12 हजार 500 रुपए निकालकर बाइक से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें

स्वच्छ सर्वेक्षण-2025: कटनी को टॉप-3 में लाने भोपाल की टीम ने लिया जायजा

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना

घटना के बाद परिजनों ने सामने स्थित टू-व्हीलर एजेंसी से सीसीटीवी फुटेज देखा, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली। इसके आधार पर डायल 112 पर सूचना दी गई, लेकिन पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने और त्वरित कार्रवाई न करने के आरोप लगे हैं। पीडि़त जब परिजनों के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो पुलिस ने सिर्फ सादे कागज पर आवेदन लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज नहीं की गई और सीसीटीवी फुटेज की पावती भी नहीं दी गई।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

परिजनों का कहना है कि यदि आसपास के सीसीटीवी कैमरों एटीएम, अस्पताल और दुकानों की फुटेज तत्काल खंगाली जाती, तो आरोपी को पकड़ा जा सकता था। पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी और लूटी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।

वर्जन

शिकायत प्राप्त हुई है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सोमवार को सभी कैमरे चेक कराए जाएंगे। वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किशोर द्विवेदी, खिरहनी चौकी प्रभारी।

ये भी पढ़ें

सरकारी संपत्तियों पर बकाया सेवा कर 3.81 करोड़ पार, पुलिस, कलेक्ट्रेट सहित 56 विभाग कर्जदार

Published on:
23 Mar 2026 09:13 am
Also Read
View All

अगली खबर