कटनी

यहां फिसलते, गिरते स्कूल पहुंच रहे सैकड़ों छात्र… जानिए कारण

दलदल के बीच से स्कूल जाने को मजबूर छात्र, ठेकेदार ने मिट्टी डालकर बंद किया संसारपुर पडऱभटा मार्ग का काम, बारिश में परेशान हो रहे लोग
2 min read
• •
Updated: 2 Aug 2018, 12:16 PM IST
Swamps became the road of Sansarpur
Swamps became the road of Sansarpur

कटनी. बहोरीबंद तहसील के संसारपुर से पडऱभटा तक बनाए जा रहे मार्ग में अर्थवर्क कराकर काम बंद कर देने से ग्रामीणों व छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात मेंं पूरा मार्ग दलदल बन गया है और उसके बीच से गिरते-पड़ते लोग निकल रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार ने मार्ग का काम करीब दो माह पहले शुरू किया था। जिसमेंं मिट्टी डालकर काम बंद कर दिया गया। बारिश होते ही सड़क दलदल बन गई है और पैदल चलना कठिन हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि संसारपुर, महगवां और पडरभटा के निवासियो के साथ ही छात्र सड़क छोड़कर खेतों के रास्ते से निकलने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी अरविंद पटेल, चंद्रभान यादव, बृजबिहारी दुबे ने बताया कि पडरभटा और महगवां से रोज सैकड़ों लोग इसी सड़क मार्ग से संसारपुर स्टेशन पहुंचकर रोजी रोटी के लिए कटनी आते जाते हैं और रात को लौटते समय उन्हें सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीन गांव के बीच पडऱभटा में हायर सेकंडरी स्कूल है और छात्र भी इसी मार्ग से होकर निकलते हैं। सड़क का काम बंद होने से हो रही परेशानी को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन उसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मार्ग को बारिश में चलने लायक बनाए जाने की मांग की है।
इनका कहना है...
- 5 किमी. सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग के द्वारा कराया जा रहा है लेकिन बारिश के एक माह पूर्व ठेकेदार के द्वारा अर्थवर्क कर काम बंद कर दिया गया है। जिससे सड़क दलदल बन गई है और शिकायत के बाद भी काम प्रारंभ नहीं कराया गया है।
- श्यामलाल महोबिया, सरपंच, ग्राम पंचायत संसारपुर

- सड़क निर्माण कार्य बंद होने की जानकारी लगी है। ठेकेदार को कार्य प्रारंभ कराने निर्देशित किया गया है। यदि लापरवाही बरती जा रही है तो कार्रवाई की जाएगी।
- आरके बत्रा, एसडीओ पीडब्ल्यूडी

Published on: