कटनी

Katni News: ट्रेन छूटी तो आरोपियों के चंगुल में फंसी महिला, स्टेशन से जंगल ले जाकर किया दुष्कर्म

Woman Assault Case: बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जा रही महिला मुड़वारा स्टेशन पर पानी लेने के लिए ट्रेन से उतरी थी, कुछ मिनट की चूक से ट्रेन छूटी, ऑटो ड्राइवर ने साथी के साथ मिलकर जंगल में ले जाकर किया दुष्कर्म।
2 min read
Jul 30, 2026
KATNI
woman assault case after missing train one accused arrested, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Katni Woman Assault Case: मध्यप्रदेश के कटनी जिले में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का एक साथी अब भी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। ट्रेन छूटने के बाद स्टेशन पर मौजूद महिला को आरोपी मंदिर घुमाने का बहाना बनाकर अपने साथ जंगल ले गए थे और वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया था। महिला अपने बच्चों के साथ ट्रेन से निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जा रही थी।

ट्रेन छूटने पर आरोपियों के चंगुल में फंसी

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि 14 जून की रात करीब 9.45 बजे महिला अपने बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जा रही थी। मुड़वारा स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर वह पानी लेने नीचे उतरी, लेकिन ट्रेन रवाना हो गई। स्टेशन पर अकेली और मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को देखकर एक युवक ने मदद का भरोसा दिलाया। उसने मंदिर दर्शन कराने की बात कहकर महिला को ई-रिक्शा में बैठाया। आरोप है कि ऑटो चालक और उसका साथी उसे रीठी रोड पर पौसरा स्टेशन के समीप सुनसान जंगल में ले गए और वहां बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

सड़क किनारे बदहवास मिली थी महिला

15 जून की सुबह डायल-112 की सूचना पर रीठी पुलिस महिला तक पहुंची। वह सड़क किनारे बदहवास हालत में मिली, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण कुछ भी बता नहीं सकी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और उसके भाई को बुलाया। भाई भी उसे दिल्ली ले गया, लेकिन तब तक किसी को इस जघन्य अपराध की भनक नहीं लग सकी। इलाज के दौरान जब महिला की मानसिक स्थिति में सुधार हुआ, तब उसने अपने साथ हुई पूरी घटना भाई को बताई। इसके बाद दिल्ली के सफदरजंग साउथ थाने में एफआईआर दर्ज हुई और मामला जीरो एफआईआर के माध्यम से कटनी भेजा गया।

900 ऑटो चालकों की जांच, तब मिला सुराग

एक माह पुरानी वारदात, कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं और आरोपी पूरी तरह अज्ञात। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपराधियों तक पहुंचना थी। रीठी पुलिस ने जिले के करीब 900 ऑटो चालकों की स्क्रीनिंग की। पीडि़ता द्वारा बताए गए ऑटो के हुलिए, तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ी। आखिरकार जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी संदेह के घेरे में आया। तकनीकी साक्ष्यों से घिरने के बाद आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो एमपी 21 जेडजे 6903 जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस रिमांड लेकर उसके साथी की तलाश कर रही है।

Updated on:
30 Jul 2026 06:09 pm
Published on:
30 Jul 2026 06:09 pm