
Kaushambi Lady Constable Death:उत्तर प्रदेश के कौशांबी स्थित महिला थाना मंझनपुर में तैनात 28 साल की महिला कॉन्स्टेबल प्रियंका यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह अचानक उसकी रायफल से गोली चल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। साथी पुलिसकर्मी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे महिला थाना मंझनपुर में अचानक गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। गोली महिला कॉन्स्टेबल प्रियंका यादव की रायफल से चली और वह घायल हो गईं। साथी सिपाहियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान प्रियंका की मौत हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और महिला कॉन्स्टेबल को कैसे लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती तौर पर पुलिस महकमे में आत्महत्या किए जाने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
प्रियंका यादव मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली थीं। वह दूल्हापुर क्षेत्र के सिखरी गांव की निवासी थीं और उनकी उम्र 28 साल थी। प्रियंका 2025 बैच की महिला कॉन्स्टेबल थीं और उनकी पहली पोस्टिंग कौशांबी के महिला थाने में हुई थी।
प्रियंका ने करीब तीन महीने पहले ही अपनी पुलिस ट्रेनिंग पूरी की थी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्हें पहली तैनाती कौशांबी के महिला थाना मंझनपुर में मिली थी। जून के आखिरी सप्ताह में उन्होंने महिला थाने में अपनी ड्यूटी जॉइन की थी। ड्यूटी शुरू किए अभी कुछ ही महीने हुए थे कि यह दर्दनाक घटना सामने आ गई।
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने महिला कॉन्स्टेबल के परिजनों को इसकी जानकारी दे दी है। सूचना मिलने के बाद उनके घरवाले कौशांबी के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाने के लिए जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि महिला कॉन्स्टेबल को गोली लग गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।