Kaushambi accident: प्रयागराज के पूरामुफ्ती उर्फ बिहका गांव निवासी बुधराम की बरात कौशाम्बी चायल कस्बे के अंबेडकर नगर (दरियापुर) मोहल्ला में दौलत सिंह के घर गई थी। द्वारचार के बाद लौटते समय वर पक्ष के चार लोग एक अर्टिगा कार में सवार होकर वापस आ रहे थे। रात लगभग 12 बजे, जब कार गुंगवा का बाग के पास पहुंची, तो अचानक सामने आए वाहन से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक जामुन के पेड़ से टकरा गई।
हादसे में 35 वर्षीय सुनील कुमार पटेल, 38 वर्षीय चंद्रबदन सिंह पटेल (दोनों निवासी मानिकपुर कोटवा, पूरामुफ्ती), 35 वर्षीय रवि कुमार पटेल (निवासी पूरा बजावा बकराबाद, पूरामुफ्ती), और एयरफोर्स में तैनात 38 वर्षीय विकास कुमार पटेल (निवासी करण छपरा, थाना बैरिया, बलिया) की मौके पर ही मौत हो गई।
कार चला रहे अमित कुमार (निवासी कोटवा, धूमनगंज, प्रयागराज) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को कार से बाहर निकाला और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।