
मकान पर गिरा पेड़, pc-x (goldy srivastava)
Death due toStorm in up: कौशांबी में शुक्रवार की सुबह आए आंधी तूफान ने तीन लोगों की जिंदगियां छीन ली। पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में घर में सो रही महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। सुबह आए आंधी तूफान की वजह से घर के पास स्थित नीम का एक कच्छा पेड़ घर पर गिर पड़ा और मकान की दीवार अचानक भर भराकर धराशाई हो गई। इस दौरान घर में अपने तीन बच्चों के साथ सो रही महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय एक बेटा हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, दूनी तिवारी का पूरा में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने वाले मंगल सरोज का परिवार रहता है। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात वह ईंट-भट्ठे पर ही सो गया था, जबकि उसकी पत्नी माया देवी अपने तीन बच्चों श्वेता, अनुभव और अंकुश के साथ मकान में ही सो रही थी। इसी दौरान शुक्रवार की सुबह 3 बजे तेज आंधी तूफान आया और घर के पास ही स्थित एक नीम का पेड़ उखड़ कर मकान पर गिर पड़ा।
पेड़ के गिरने के कारण मकान की दीवार धाराशाई हो गई और इस हादसे में घर में सो रही माया देवी उनकी 5 वर्षीय बेटी श्वेता और 4 वर्षीय बेटे अनुभव की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में की चीख पुकार मच गई और लोग राहत और बचाव कार्य में जुट गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबे से सभी को बाहर निकाला, जहां तीन लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, इस हादसे में अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया जिसके बाद ग्रामीणों ने आनन फानन में उसे निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना मंगल सरोज को दी, जिसके बाद वह भी मौके पर पहुंचा और पत्नी और बच्चों की लाश देखकर फफक पड़ा। वहीं, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के कई घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और ना ही एंबुलेंस पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि इस दौरान एक चार पहिया वाहन की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते एंबुलेंस आ जाती तो और भी लोगों की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, पुलिस ने बताया है कि सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
29 May 2026 04:04 pm
बड़ी खबरें
View Allकौशाम्बी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
