
मां-बेटी समेत 3 महिलाएं जिंदा दफन। फोटो सोर्स-Ai
Tragic Accident: उत्तर प्रदेश के कौशांबी (Kaushambi) जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। जहां मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक टीला ढह जाने से मां-बेटी समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के चक थांभा गांव की है। रविवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं और बच्चे घर की पुताई के लिए मिट्टी लेने गांव के पास स्थित तालाब पर पहुंचे थे। यहां पर मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। खुदाई के दौरान वहां सुरंग जैसी संरचना बन गई थी, जिसमें महिलाएं और बच्चे अंदर तक चले गए।
खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर ढह गया और उसमें मौजूद लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने यह दृश्य देखा तो चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मिट्टी में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। इसी बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 45 वर्षीय गीता देवी, उनकी 8 वर्षीय बेटी अंकिता और पड़ोसन उत्तरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गीता का बेटा अमित कुमार और पड़ोस की तिजिया देवी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना पर नारा चौकी पुलिस और मंझनपुर तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार की मां-बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं और प्रशासन से पीड़ित परिवार को मदद देने की मांग कर रहे हैं।
प्रारंभिक तौर पर यह हादसा लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है। बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के की जा रही खुदाई ने तीन जिंदगियां छीन लीं। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि ऐसी गतिविधियों में सुरक्षा उपायों की अनदेखी कितनी घातक साबित हो सकती है।
Published on:
03 May 2026 10:47 am
बड़ी खबरें
View Allकौशाम्बी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
