
इनसेट में मृतक युवक- युवती की फाइल फोटो जांच करती पुलिस सांकेतिक तस्वीर जेनरेट AI
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत सामने आया है। शादी तय होने से परेशान प्रेमी-प्रेमिका ने कथित तौर पर देर रात फोन पर बातचीत करते हुए अपने-अपने घरों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह दोनों के शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की शादी दूसरी जगह तय होने के बाद दोनों मानसिक तनाव में थे।
कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित रमचौरा गांव में शनिवार सुबह दो युवाओं की आत्महत्या की घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल फैल गया। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय कोमल पटेल और 20 वर्षीय कुलदीप पटेल के रूप में हुई है। दोनों पड़ोसी थे। उनके घरों के बीच महज कुछ दूरी थी। पुलिस के अनुसार, सुबह अलग-अलग घरों से आत्महत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि युवक और युवती दोनों ने अपने कमरों में फंदा लगाकर जान दे दी थी। शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। देर रात तक मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, युवती के परिवार ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। 15 जून को तिलक और 19 जून को विवाह होना था। गांव के लोगों का कहना है कि इसी बात से दोनों काफी परेशान थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव में उन्होंने यह कदम उठाया। कुलदीप के बड़े भाई ने बताया कि वह रोज सुबह जल्दी काम पर निकल जाता था। लेकिन शनिवार को काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया। जब परिवार के लोग उसे देखने पहुंचे तो वह फंदे से लटका मिला। इसी दौरान पड़ोस से रोने की आवाजें आने लगीं। वहां जाकर पता चला कि कोमल ने भी आत्महत्या कर ली है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, दोनों परिवारों ने प्रेम संबंध की बात स्वीकार नहीं की है। परिजनों का कहना है कि उन्हें इस रिश्ते की कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Updated on:
23 May 2026 07:12 pm
Published on:
23 May 2026 07:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
