लेकिन छात्रा के परिजनों को यह तोहफा कुछ खास पसंद नहीं आया। इस बात से नाराज
कवर्धा. छत्तीसगढ़ में एक टीचर को अपनी ही छात्रा को तोहफा देना भारी पड़ गया। शिक्षक ने तोहफे में एक मोबाइल फोन दिया था। लेकिन छात्रा के परिजनों को यह तोहफा कुछ खास पसंद नहीं आया। इस बात से नाराज घरवालों ने स्कूल पहुंच कर शिक्षक की बुरी तरह से पिटाई कर दी। इस मामले की शिकायत गांव के लोगों ने जिला शिक्षा अधिकारी से की है। इस घटना के बाद से गांव वालों में शिक्षक के प्रति बहुत ही नाराजगी है।
दरअसल, यह घटना कवर्धा के गांव भालपहरी में स्थित हाईस्कूल का है। जहां गर्मियों की छुट्टियां लगने से पहले स्कूल के शिक्षक ने अपनी छात्रा को एक गिफ्ट दिया। यह गिफ्ट एक मोबाइल फोन था। शिक्षक जिसका नाम रमेश रावत है, वह इस छात्रा से अकेले में बात करना चाहता था। छात्रा को मोबाइल देने के बाद वह अक्सर उससे एकांत में बातें करता रहता था।
एक दिन छात्रा के भाई ने उसे शिक्षक से बात करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। लड़की से पूरा मामला जानने के बाद परिजनों का गुस्सा और बढ़ गया। जिसके बाद छात्रा के परिजन स्कूल खुलने का इंतजार करने लगे।
स्कूल खुलने ले पहले ही दिन छात्रा का भाई कुछ गांव वालों के साथ वहां पहुंचा , जिसके बाद उन्होंने रमेश रावत को ढूंढना शुरू कर दिया। शिक्षक के मिलते ही उन सबने मिल कर उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने शिक्षक का बीच- बचाव किया। साथ ही इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से करने को कहा।
मिली शिकायत के बीच इस घटना की जांच के लिए एक टीम भी गांव आने वाली है। लेकिन मामला उजागर होने के बाद से ही आरोपी शिक्षक छुट्टी लेकर फरार हो गया है।