कवर्धा

CG Bulldozer Action: साधराम हत्याकांड के आरोपी आयाज खान के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, 6 गिरफ्तार

CG bulldozer action - पांच दिन पहले आरोपी आयाज खान ने अपने छह साथियो के साथ मिलकर साधराम का गला रेत दिया था, स्थानीय लोगों ने आरोपियों को फांसी और इनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी, अवैध रूप से संचालित दो कॉम्प्लेक्स पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर..
2 min read
Jan 25, 2024
kawardha_bulldozer_action.jpg

Kawardha bulldozer action: कवर्धा शहर से लगे ग्राम लालपुर निवासी साधराम यादव की गला रेतकर निर्मम हत्या करने वाले मुख्य आरोपी आयाज खान के घर पर प्रशासन का बुलडोजर चला दिया। अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए गुरुवार की सुबह नगर पालिक प्रशासन, राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ कवर्धा शहर के बीच पारा पहुंची। प्रशासन की टीम ने अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया।

आरोपी द्वारा कॉमर्शियल उपयोग के लिए मुख्य मार्ग से लगाकर अवैध निर्माण किया गया था, जिसे तोड़ा गया। इस दौरान किसी तरह की तनाव की स्थिति न बने, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। स्वयं एसपी भी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे।

साधराम यादव की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। वहीं बुधवार को मृतक के परिजन, ग्रामीण और बड़ी संख्या में समाज लोग जिला मुख्यालय कवर्धा पहुंचे। वे हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा देने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग करते हुए रैली निकाली व सड़क पर प्रदर्शन किया। मामले के संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड़ पर रही। वहीं परिजनों की मांग पर तुरंत राजस्व विभाग की टीम ने आरोपियों के मकान, दुकान की छानबीन शुरू की। इसमें मुख्य आरोपी आयाज खान द्वारा अवैध रुप से दो कॉम्प्लेक्स निर्माण किया था, जिसमें एक आटा चक्की संचालित था। दो काम्प्लेक्स को तोड़ा गया।

छह आरोपी गिरफ्तार, एक अभी भी फरार
हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपियों में सुफियान पिता ईजराइल कुरैशी (21 वर्ष) निवासी एकता चौक, ईदरीस पिता सलील खान (27 वर्ष) आदर्श नगर, अयाज पिता तफ्जुल्ल खान (29 वर्ष) बीच पारा, मेहताब पिता अनवर खान (22 वर्ष) नवाब मोहल्ला कवर्धा, शेख रफीक उर्फ रिंकू पिता महबूब खान (40 वर्ष) और 17 वर्षीय आरोपी शामिल हैं। अभी एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।

घर लौटते समय रोककर साधराम की हत्या की थी
पुलिस ने बताया कि साधराम यादव शनिवार 20 जनवरी की रात करीब 9-10 बजे गौशाला से वापस अपने घर ग्राम लालपुरकला जा रहा था। इसी दौरान लालपुर नर्सरी मार्ग पर 6-7 लोग खड़े थे। वहां से गुजरते समय साधराम को रोक लिया और बहस करने लगे। इस पर साधराम ने विरोध किया तो इन लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट करने लगे। साधराम को सड़क किनारे ले गए। एक युवक ने बड़ी चाकू रखी थी, उससे ही साधराम का बेदर्दी से गला रेत दिया। हत्या करने के बाद वहां से सभी भाग निकले।


20-21 जनवरी की रात साधराम यादव की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के मास्टरमाइंड अयाज खान पर कुल 9 अपराध दर्ज है। वह डकैती, झंडाकांड सहित अन्य प्रकरण का अरोपी है। इसके द्वारा कॉमर्शियल उपयोग के लिए अवैध निर्माण किया गया था, जिस पर प्रशासन ने कार्रवाई की। वहीं अन्य आरोपियों की जांच चल रही है। यदि अवैध निर्माण होगा तो वहां पर भी प्रशासन का बुलडोजर चलेगा।
डॉ. अभिषेक पल्लव, एसपी, कबीरधाम


कार्रवाई की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन कानून के हिसाब से ही कार्रवाई होनी चाहिए।
विजय शर्मा, डिप्टी सीएम, छत्तीसगढ़

Published on:
25 Jan 2024 05:45 pm