Kawardha News: कवर्धा जिला मुख्यालय के बहुप्रतीक्षित हाइटेक बस स्टैंड को लेकर अब सकारात्मक संकेत मिलने लगे हैं। लगभग सात वर्ष पूर्व निर्मित यह आधुनिक बस स्टैंड लंबे समय से शुरू होने की प्रतीक्षा में था, लेकिन अब इसे चालू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
CG News: कवर्धा जिला मुख्यालय के बहुप्रतीक्षित हाइटेक बस स्टैंड को लेकर अब सकारात्मक संकेत मिलने लगे हैं। लगभग सात वर्ष पूर्व निर्मित यह आधुनिक बस स्टैंड लंबे समय से शुरू होने की प्रतीक्षा में था, लेकिन अब इसे चालू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण और अन्य आवश्यक कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो होली के बाद नए बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह हाइटेक बस स्टैंड जिला मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर ग्राम जुनवानी में राजनांदगांव-रायपुर बायपास मार्ग के किनारे बनाया गया है। इसका उद्देश्य शहर के मध्य स्थित पुराने और संकरे बस स्टैंड का विकल्प तैयार करना था। वर्तमान बस स्टैंड परिसर में बड़ी और लंबी दूरी की बसों के प्रवेश और निकास में भारी दिक्कत होती है। बसों के खड़े होने के दौरान यात्रियों और पैदल राहगीरों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बच पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। दुकानदारों और ग्राहकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। नए बस स्टैंड के शुरू होने से इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद लंबी दूरी की यात्री बसों को शहर के भीतर प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं होगी। जुनवानी स्थित हाइटेक बस स्टैंड से ही रायपुर, बिलासपुर, जबलपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और नागपुर सहित अन्य शहरों के लिए बसों का संचालन होगा। रायपुर की दिशा में जाने वाली बसें सीधे बायपास मार्ग से निकल जाएंगी, जबकि बिलासपुर और जबलपुर की ओर जाने वाली बसें भी बायपास मार्ग का उपयोग करेंगी। इसी तरह राजनांदगांव और नागपुर की ओर जाने वाली बसें शहर के बाहर से ही आगे बढ़ सकेंगी। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
नए बस स्टैंड को शहर से जोड़ने के लिए ठाकुरदेव चौक से लेकर ग्राम जुनवानी तक लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से नई सड़क का निर्माण कराया गया है। सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सड़क और नाली के बीच पाथवे में सीसी निर्माण का कार्य जारी है। साथ ही संकेत बोर्ड लगाए जा रहे हैं। नगर पालिका ने शेष कार्य 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
प्रशासन का मानना है कि मार्च माह में इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। होली के बाद चरणबद्ध तरीके से पुराने बस स्टैंड से संचालन बंद कर नए हाइटेक परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। नए बस स्टैंड में यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, शौचालय, टिकट काउंटर और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शहरवासियों को उम्मीद है कि लंबे इंतजार के बाद अब उन्हें एक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बस स्टैंड की सौगात मिलेगी, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ शहर के विकास को भी नई गति मिलेगी।
सड़क चौकड़ीकरण के साथ निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। केवल संकेत बोर्ड के अलावा छोटी-छोटी काम बाकि है। एक दो दिनों में बस संचालक व ऑटो संचालक संघ से बैठक लेकर जरुरी निर्देश दिया जाएगा। होली पर्व के हाइटेक बस स्टैंड का नियमित रुप से संचालन शुरू किया जाएगा। - चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, अध्यक्ष, नगर पालिका