कारखाने में पदस्थ कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर दो दिन पहले प्रबंध संचालक को ज्ञापन सौंपा था।
कवर्धा. छत्तीसगढ़ के कवर्धा में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के कर्मचारियों ने अपनी मांगों के लिए मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है। कारखाने में पदस्थ कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर दो दिन पहले प्रबंध संचालक को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन प्रबंधन ने कर्मचारियों की मांगों पर गौर नहीं किया गया। जिसके कारण कर्मचारी बुधवार को हड़ताल पर बैठ गए।
इस सहकारी शक्कर खाने में कुल 109 नियमित कर्मचारी हैं। जो लंबे समय से 136% महंगाई भत्ता व क्रमोन्नति और पदोन्नति की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी कर्मचारियों को सिर्फ 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा है। इससे 15 वर्ष से काम करने वाले कर्मचारियों को वेतन मात्र 16 हजार रुपए हैं।
इसके कारण ही भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, उपाध्यक्ष डाकोर चंद्रवंशी व सचिव सुदर्शन सिंह पाली ने मांग रखी की कर्मचारियों को 1 जनवरी 2017 से महंगाई भत्ता का लाभ दिया जाए। 10 वर्ष व 10 वर्ष से अधिक सेवा कर चुके नियमित कर्मचारियों को क्रमोन्नति व पदोन्नति का दी जाए।
भोरमदेव शक्कर कारखाना में पेराई सत्र चल रहा है। इस बीच कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। ऐसे में कारखाने में गन्ना पेराई, गन्ना खरीदी सहित कई काम बंद हो जाएंगे। हालांकि 16 जनवरी को कारखाना प्रबंधक हड़ताल को देखते हुए जनरल क्लीनिंग व साफ-सफाई के कारण गन्ना नहीं खरीदने की सूचना कर दी। लेकिन कर्मचारियों की हड़ताल और आगे बढ़ी तो गन्ना खरीदी व पेराई पूरी तरह से प्रभावित हो जाएगी।