
कवर्धा . छतीसगढ़ सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में लाखों लोगो को संचार क्रांति योजना के तहत मोबाइल वितरण किया जा रहा है। इस योजना को लेकर जनता कांगे्रस छतीसगढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा खुला विरोध किया जा रहा है।
पांडातराई नगर पंचायत में स्काई योजना के तहत मोबाईल विरतण किया जा रहा था। इसी दौरान युवा जनता कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सद्दाम खान व पण्डरिया विधानसभा अध्यक्ष प्रशांत सिंह के नेतृत्व में पांडातराई इकाई के जनता कांग्रेस जोगी के कार्यकर्ताओं द्वारा मोबाईल वितरण का विरोध किया गया। कार्यकर्ताओं द्वारा मोबाईल वितरण के विरोध करते हुए नारेबाजी कर बैनर-पोस्टर के साथ रैली स्वरूप विरोध करने पहुंचे, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया।
कार्यकर्ता वितरण स्थल जाने के लिए अड़े रहे। जिस पर पुलिस-प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक झूमा-झटकी हुई। इस दरम्यान कार्यकर्ताओं का आक्रोश बढ़ता देख पुलिस प्रशासन ने जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को खींच-खींचकर पुलिस वाहन में गिरफ्तार कर भरा गया। करीब 50 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई। पांडातराई थाने में कई घण्टों रखा फिर पण्डरिया तहसीलदार के उपस्थिति में मुचलके पर छोड़ा।
उक्त कार्यक्रम में युवा जिला अध्यक्ष जेसीसीजे आनंद सिंह ने कहा कि यह योजना सिर्फ भाजपा की चुनावी गठित है। जनता को मोबाईल नहीं युवाओं को रोजगार चाहिए, किसानों को फसल बीमा की राशि चाहिए, पांच वर्षों का बोनस चाहिए। खाद-बीज चाहिए, महिलाओं को सुरक्षा चाहिए, शराब पूर्ण बंदी चाहिए, सरकार हमेशा चुनाव के वक्त प्रलोभित करती है, लेकिन वायदे पूरे नहीं किए जाते। यह जनता के साथ धोखा है। उन्होंने शासन से विभिन्न विषयों पर मांग रखी।
नगर पंचायत के अध्यक्ष रामचंद्र साहू और वार्ड पार्षदों ने हितग्राहियों को स्मार्ट फोन वितरित किया। योजना के तहत नगर पंचायत पांडताराई के 594 महिलाओं को स्मार्ट फोन वितरित किया जाएगा। पहले दिन शुक्रवार को वार्ड क्रमांक एक से पांच तक के 214 हितग्राहियों को स्मार्ट फोन वितरित किया गया। इसी क्रम में शनिवार को वार्ड क्रमांक छ: से 10 तक के 111 हितग्राहियों और रविवार को वार्ड क्रमांक 11 से 15 तक के 369 हितग्राहियों को स्मार्ट फोन वितरित किया जाएगा।