
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में हो रही लगातार बारिश से नदी नाले उफान पर है। इस बीच लगातार हादसे की खबरें सामने आ रही है। इधर कवर्धा में सालों पुराना बांध टूट गया। लगातार बारिश से पानी का दबाव बढ़ने और मिट्टी के बह जाने को बांध टूट गया। वहीं बांध का पूरा पानी बर्बाद हो गया। इधर पानी खेतों में भर जाने से सैकड़ों एकड़ फसलों के बर्दाद होने का खतरा मंडरा रहा है।
हादसा कवर्धा जिले के विकासखंड पंडरिया के ग्राम सरैहा का है। बताया जा रहा है कि, बांध में पहले छोटा सा होल हुआ था, जो धीरे-धीरे बड़ा होता गया और अंततः बांध का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं आज पानी का दबाव अधिक होने से वर्षों पुराना बांध अचानक फूट गया।
बांध फूटने से बड़ी मात्रा में पानी की बर्बादी हुई है। वहीं आसपास के खेतों में पानी भरने से सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित होने की आशंका है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की चिंता बढ़ गई है। बांध के टूटने के बाद मौके का एक अलग ही नजारा देखने को मिला। ग्रामीण जाल लेकर बांध से निकल रहे पानी में मछलियां पकड़ते नजर आए। इधर ग्रमीणों का कहना है कि लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। अगर समय से पहले मरम्मत होती तो यह बांध नहीं टूटता।