कवर्धा

Solar Energy: अब रात में भी बच्चों की पढ़ाई आसान, छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल के 96 घरों में सौर रोशनी

Solar Energy: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला और पंडरिया के आठ वनांचल गांवों के 96 परिवारों को सोलर होम लाइटिंग सिस्टम मिला।
less than 1 minute read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 1:13 PM IST
Solar Energy
सुदूर वनांचल के 96 घरों में पहुंची सौर रोशनी (Photo Patrika)

Solar Energy in Chhattisgarh: कवर्धा के दूरस्थ वनांचल के जिन घरों में अंधेरा ढलते ही बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज मुश्किल हो जाते थे, वहां अब सौर ऊर्जा से रोशनी पहुंचाई जा रही है। पीएम-जनमन योजना के तहत कबीरधाम जिले के बोड़ला और पंडरिया विकासखंड के आठ गांवों में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के 96 परिवारों के घरों में सोलर होम लाइटिंग सिस्टम लगाया गया है। इससे उन परिवारों को राहत मिली है जहां पारंपरिक बिजली व्यवस्था पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा है।

46 परिवारों को मिला लाभ

क्रेडा के माध्यम से बोड़ला विकासखंड के ग्राम सौरू में सबसे अधिक 46 परिवारों को इसका लाभ मिला है। इसके अलावा महाराजपुरडीह में 11, बदौरा में 18, बोल्दा में 5 और चौराहा में एक परिवार के घर में सौर लाइटिंग सिस्टम लगाया गया है। वहीं पंडरिया विकासखंड के अजवाइनवाह में 2, सेजाडीह में 12 और छिन्दिडीह में एक परिवार को इस सुविधा से जोड़ा गया है। सौर ऊर्जा से घरों में रोशनी होने का सीधा फायदा बच्चों की पढ़ाई और परिवारों के रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ रहा है। अब शाम ढलने के बाद भी बच्चे घर में पढ़ाई कर पा रहे हैं। महिलाओं और अन्य परिजनों को घरेलू काम निपटाने में सहूलियत मिल रही है। घरों के भीतर और आसपास रोशनी रहने से रात की गतिविधियां भी पहले की तुलना में आसान हुई हैं।

पीएम जनमन योजना का मिल रहा लाभ

पीएम-जनमन योजना के तहत यह पहल केवल सोलर लाइट लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन दूरस्थ परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की कोशिश है, जो अब तक भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पीछे छूटते रहे हैं। हालांकि कबीरधाम जिले के आठ गांवों के 96 परिवारों तक यह सुविधा पहुंची है, लेकिन बोड़ला व पंडरिया के वनांचल के अन्य जरूरतमंद परिवारों तक ऐसी व्यवस्था का विस्तार भी महत्वपूर्ण होगा।

Updated on:
25 Nov 2026, 1:13 PM IST
Published on: