कवर्धा

कवर्धा हिंसा, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 104 आरोपी गिरफ्तार, फरारों तक पहुंचने युवकों की गर्लफ्रेंड्स का लिया सहारा

Kawardha violence: कवर्धा शहर में धारा 144 लागू है। इसके चलते शहर से बाहर से आने वालों को प्रवेश नहीं दिया जा रह है। केवल व्यापारियों व शासकीय कर्मचारी को निर्धारित समय तक ही प्रवेश दिया जाता है उसमें भी जांच करके।

3 min read
Oct 12, 2021
कवर्धा हिंसा, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 104 आरोपी गिरफ्तार, फरारों तक पहुंचने युवकों की गर्लफ्रेंड्स का लिया सहारा

कवर्धा. कवर्धा शहर में हिंसा के बाद अब हालात सामान्य हो चुके हैं। लोग बिना किसी भय के अपने काम पर जा रहे हैं। वहीं स्कूल, कॉलेज खुलने से ही भी शहर में रौनक आ गई है। दूसरी ओर 3 अक्टूबर को हुए विवाद में रविवार की रात से सोमवार की सुबह तक मुख्य 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस तरह से अब तक 104 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

सभी आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कवर्धा कोतवाली में 3 अक्टूबर को हुए विवाद को लेकर धारा 147, 148, 294, 295, 323, 506 बी भादवि, धारा 294, 336, 147 भादवि और धारा 147, 148, 353, 332, 153ए, 427, 295 भादवि, 25, 27 आम्र्स एक्ट और लोक संपत्ति नुकसानी का निवारण अधिनियम की धारा 3 कायम किया गया था। इसमें पूर्व में 16 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हंै। प्रकरण में कुछ आरोपी फरार थे, जिनको गिरफ्तार करने का लगातार प्रयास किया जा रहा था विभिन्न पुलिस टीम आरोपियों की पतासाजी के लिए अलग-अलग शहरों में भेजी गई थी। टेक्निकल टीम के मदद और विभिन्न स्त्रोतों से पतासाजी कर उक्त प्रकरणों के नामजद व मुख्य आरोपी 11 आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर ज्यूडिशियल रिमाण्ड प्राप्त किया गया है। सभी आरोपी जेल भेजे गए।

आम्र्स एक्ट की भी धारा जोड़ी गई
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि आरोपी मोहम्मद रिजवान(23) लोहारा नाका, सलमान खान(22) लोहारा नाका, सैयद महफु ज अली(28) लोहारा नाका, नासिर खान(19) राज विडियो के पास, साजिद अली(26) राज विडियो के पास, रियाज हिंगोरा(24) वार्ड नं. 21 कसाईपारा, अयाज खान(27) बीचपारा, शोहित खान(19) राज विडियो के पीछे, सरफराज खान(19) रामनगर, फैजल खान(19) दर्री पारा, सैफअली(20) बीचपारा गोराज हास्पिटल के पास निवासरत को गिरफ्तार किया गया। आरोपी सलमान खान के मेमोरेण्डम पर उससे एक धारदार चाकू जब्त किया गया है। इसके चलते प्रकरण में धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट जोड़ा गया।

ट्रेस किया यूं पता चला आरोपियों का लोकेशन
फरार आरोपियों का पता नहीं चल पा रहा था। आरोपियों को ट्रेस किया जा रहा था। इसी दौरान पता चला कि आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड से बात करते हैं। इस पर आरोपियों के गर्लफ्रेंड से पूछताछ किया गया। इस पर लड़कियों ने आरोपियों की जानकार दी। इस पर खोजबीन कर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।

नया आदेश 5 किमी के दायरे में आयोजन नहीं
कवर्धा शहर में धारा 144 लागू है। इसके चलते शहर से बाहर से आने वालों को प्रवेश नहीं दिया जा रह है। केवल व्यापारियों व शासकीय कर्मचारी को निर्धारित समय तक ही प्रवेश दिया जाता है उसमें भी जांच करके। वहीं कानून व शांति व्यवस्था के दृष्टिगत नया आदेश जारी किया किया गया। बिना सक्षम प्राधिकारी के अनुमति के नगर पालिका परिषद कवर्धा व इसके 5 किलोमीटर की परिधि के भीतर किसी भी प्रकार के रैली, धरना, जुलुस, सभा, प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होगी। बिना सक्षम प्राधिकारी के अनुमति के नगर पालिका परिषद कवर्धा और इसके 5 किलोमीटर की परिधि के भीतर 5 या 5 से अधिक व्यक्तियों को समूह में रहने की अनुमति नहीं होगी।

हुआ था कवर्धा में जमकर हंगामा
कवर्धा शहर में 3 व 5 अक्टूबर को जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान कानून व्यवस्था को ताक में रखकर लाठी, डंडे, चाकू, छुरी, तलवार तक निकले। पत्थरबाजी हुई, मारपीट हुए और धमकी सहित कई तरह की वारदात को अंजाम दिया गया। एसपी मोहित गर्ग ने बताया कि उक्त मामले में कवर्धा सिटी कोतवाली में 7 एफआईआर में 1000 से अधिक लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। विडियो व फोटो के आधार पर 172 की पहचान हो चुकी है, जिसमें से अब तक 104 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। इसमें दोनों गुट के लोग शामिल हैं। इसमें 24 लोग मुंगेली, बेमेतरा, धमतरी सहित अन्य जिले से हैं।

एक हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज
एसपी मोहित गर्ग ने बताया कि कवर्धा में हुए विवाद पर 1000 से अधिक लोगों के खिलाफ दर्ज है लेकिन किसी परिजन लगता है कि उनके रिश्तेदार विवाद में नहीं थे तो वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित रूप से अपनी बात रख सकते हैं। चूंकि गिरफ्तार लोगों को जेल भेजा जा चुका है तो उन्हें कानूनी प्रक्रिया तो गुजरना ही होगा। पुलिस की विवेचना के दौरान नाम जोड़े व घटाए जा सकते हैं।

कफ्र्यू छूट को लेकर नया आदेश नहीं
जिला प्रशासन द्वारा कफ्र्यू में छूट को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया। दिनभर की छूट से लोगों को काफी राहत मिल चुकी है। व्यापार के साथ पढ़ाई शुरू हो गई। वहीं ऑफिस कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। आगे हालात को देखते हुए छूट को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

Published on:
12 Oct 2021 12:36 pm
Also Read
View All